
गुरुग्राम। कैंटर में आग लगने का वीडियो बना रहे युवक को ट्रैफिक पुलिस कर्मी ने थप्पड़ जड़ दिया। युवक ने घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है। साथ ही उसने गुरुग्राम पुलिस से सवाल पूछा कि ट्रैफिक पुलिस कर्मी को क्या थप्पड़ मारने का अधिकार है? ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, फरीदाबाद के रहने वाले विशाल ने बताया कि वह सीसीटीवी कैमरे लगाने और रिपेयरिंग का काम करता है। मंगलवार दोपहर वह काम से गुरुग्राम आया था। दोपहर तीन बजे वह घाटा के पास से गुजर रहा था। वहां सड़क पर एक कैंटर में आग लगी हुई थी। आग देखकर उसने अपनी बाइक रोक ली और फोन निकालकर वीडियो बनाने लगा।
विशाल ने बताया कि तभी वहां ड्यूटी कर रहे एक ट्रैफिक पुलिस कर्मचारी ने उसे वीडियो बनाते हुए देख लिया। वह पुलिसकर्मी तुरंत उसके पास आया और मुंह पर एक थप्पड़ मार दिया।
पुलिसकर्मी ने चिल्लाकर कहा कि वीडियो क्यों बना रहा है। आग बुझाने के लिए पानी की बाल्टी लेकर आ। उसने यह पूरा घटनाक्रम अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। न्याय पाने के लिए उसने यह वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया।

