
गुरुग्राम के सेक्टर 10 थाना क्षेत्र के हयातपुर गांव में एक सप्ताह पहले हुई 24 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में परिजनों ने न्याय की गुहार लगाई है। शुक्रवार को दिल्ली के रोहिणी से मायके वाले गुरुग्राम कमिश्नर ऑफिस पहुंचे और आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की।
विवाहिता के परिजनों ने हाथ में संजना को इंसाफ दिलाओ आदि लिखे हुए बैनर लेकर नारेबाजी की। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस इस मामले में सही कार्रवाई नहीं कर रही है। इसलिए मामले की निष्पक्ष जांच की जाए। डीसीपी हेडक्वार्टर ने मामले की निष्पक्ष जांच करने का आश्वासन दिया है। जिसके बाद वे सभी घर चले गए।

बाथरूम में मृत मिली थी संजना
दरअसल, 25 अप्रैल को हयातपुर में संजना नाम की विवाहिता अपने बाथरूम में मृत मिली थी। मायके वालों ने पति और ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई है। पोस्टमॉर्टम के दौरान पर मायके वालों ने विरोध किया था।
नैन सिंह, सुनीता, दीपक आदि का कहना है कि उनकी बेटी संजना की शादी डेढ़ साल पहले हयातपुर निवासी हेमंत से हुई थी। शादी के बाद कुछ दिनों तक ठीक चली। इसके बाद झगड़ा और मारपीट की शिकायत मिली। दो महीने पहले संजना के साथ मारपीट की गई। इसके बाद संजना अपने मायके में रहने लगी।

कुछ दिन पहले ही आई थी ससुराल
संजय, मीरा, सरोज, विकास, पायल, तुलसी आदि ने बताया कि सुलह समझौते के बाद संजना वापस ससुराल गई थी। शुक्रवार दोपहर ससुराल के लोगों ने मायकेवालों को जानकारी दी कि संजना की हार्ट अटैक से मौत हो गई है। ससुराल के लोग उन्हें निजी अस्पताल ले गए थे। इस पर मायके वाले भी वहां पहुंच गए। परिवार वालों का आरोप है कि उसे दहेज के लिए परेशान किया जाता था और उसका दहेज का सामान भी खराब बताकर तोड़ दिया था।
शरीर पर चोट के निशान बताए
परिजनों ने बताया कि संजना के शरीर पर चोट लगी हुई थी। उन्हें सही से शव देखने भी नहीं दिया गया। 13 मार्च को ही वह अपने ससुराल लौटी थी। उसका फोन भी टूटा हुआ मिला है। इसलिए इस मामले की जांच की जानी चाहिए।