गुरुग्राम महानगर जिला अध्यक्ष अजीत यादव ने संभाला पदभार: कार्यकर्ताओं की मेहनत के दम पर देश व प्रदेश में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनी : डा. सुधा यादव

गुरुग्राम, 30 मार्च। गुरुग्राम महानगर के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष अजीत यादव ने रविवार को भाजपा कार्यालय गुरुकमल में विधिवत रूप से पदभार ग्रहण किया। इस मौके पर संसदीय बोर्ड की सदस्य डा. सुधा यादव, संगठनमंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा, पूर्व जिला अध्यक्ष एवं बल्लभगढ़ के प्रभारी कमल यादव, विधायक तेजपाल तंवर, विधायक बिमला चौधरी समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने अजीत यादव को पदभार ग्रहण कराया। पदभार ग्रहण के मौके पर कार्यकर्ताओं ने जोश और उत्साह के साथ भाजपा जिंदाबाद, मोदी जिंदाबार, नायब सैनी जिंदाबाद, मोहनलाल बड़ौली जिंदाबाद के नारे लगाए और नवनियुक्त जिला अध्यक्ष का स्वागत किया। मुख्य अतिथि डा. सुधा यादव और संगठनमंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा ने नवनियुक्त जिला अध्यक्षों सर्वप्रिय त्यागी और अजीत यादव को बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
मुख्य अतिथि एवं संसदीय बोर्ड की सदस्य डा. सुधा यादव ने पदभार ग्रहण समारोह में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं के दम पर ही दो सांसदों से भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनी है। भाजपा के संगठन में किस को क्या दायित्व मिलता है इसका निर्णय संगठन अपने आप लेता है। उन्होंने कहा कि हमें जो दायित्व मिला है उसका ईमानदारी के साथ निवर्हन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिला अध्यक्ष सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर काम करें और पार्टी के संगठन को मजबूत करें। डा. सुधा यादव ने कहा कि हरियाणा में ट्रिपल इंजन की सरकार है। सभी कार्यकर्ता और पदाधिकारी मिलकर जनता की समस्याओं का समाधान कराएं।
डा. सुधा यादव ने कहा कि भाजपा ही ऐसी पार्टी है जिसमें कौन कार्यकर्ता पार्षद, मेयर, विधायक, सांसद और मुख्यमंत्री बन जाएं कोई नहीं जानता। उन्होंनें कहा कि भाजपा में अध्यक्षीय प्रणाली है। अध्यक्ष जो भी काम देता है उसे हमें प्रसन्नता के साथ करना चाहिए। काम कोई छोटा या बड़ा नहीं होता। जिस किसी भी कार्यकर्ता को जो जिम्मेदारी मिली है उसे पूरा करना चाहिए। डा. यादव ने कहा कि ग्रामीण इलाकों में भी भाजपा की स्वीकार्यता बढ़ी है। हर समाज के व्यक्ति का पार्टी और टीम में समावेश होना चाहिए।
संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा ने संगठनात्मक विषयों पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि आज पीएम मोदी ने मन की बात कार्यक्रम के तहत देश को संबोधित किया है। हम सभी को हर बूथ पर पीएम मोदी की मन की बात कार्यक्रम को सुनना चाहिए। प्रधानमंत्री मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी संगठनात्मक विषयों पर बात करते हैं तो बूथ के अध्यक्ष से बात करते हैं, इसलिए मेरा बूथ, सबसे मजबूत होना चाहिए।
श्री शर्मा ने कहा कि हमें बूथ पर अधिक से अधिक लोगों को जोड़ना चाहिए। सभी बूथों पर 11 लोगों की समियां बनाए और मंडल अध्यक्ष भी मंडल समितियां जल्द से जल्द बनाने का काम करें। 6 अप्रैल को भाजपा का स्थापना दिवस है जिसे हमें बूथ और कार्यालयों पर मनाना है। 14 अप्रैल को बाबा भीम राव अंबेडकर की जयंती के अलावा प्रधानमंत्री मोदी के भी दो कार्यक्रम हरियाणा में हैं, इसलिए सभी कार्यकर्ता बूथ और मंडल स्तर बाबा साहब की जयंती को मनाएं। श्री शर्मा ने कहा कि बूथों पर जनप्रतिनिधियों और लोगों से मिलें।
पूर्व जिला अध्यक्ष एवं बल्लभगढ़ के जिला प्रभारी कमल यादव ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पार्टी के आशीर्वाद से मुझे जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली थी। एक साल में तीन-तीन चुनावों की परीक्षाएं पास की। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत के दम पर लोकसभा, विधानसभा और नगर निकाय के चुनाव में भाजपा को जीत मिली। उन्होंने कहा कि पार्टी ने अब जिला प्रभारी के नाते बल्लभगढ़ की जिम्मेदारी दी है।श्री यादव ने कहा कि सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर नवनियुक्त जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी और अजीत यादव के साथ मिलकर काम करें व पार्टी को और अधिक मजबूत बनाएं। कमल यादव ने भी दोनों नवनियुक्त जिला अध्यक्षों के उज्जवल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में प्रदेश सचिव गार्गी कक्कड़, भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष उषा प्रियदर्शी, पूर्व जिला अध्यक्ष तिलक राज मल्होत्रा, प्रदेश किसान मोर्चा उपाध्यक्ष अतर सिंह संधू, पूर्व मेयर मधु आजाद, जिला महामंत्री रामबीर भाटी, प्रोफेसर हंसराज, पटौदी जिला परिषद चेयरमैन प्रवीण ठाकरिया,उपाध्यक्ष अर्जुन शर्मा, पूर्व मंत्री संजय सिंह, जिला मीडिया प्रभारी पवन यादव, जिला कार्यालय सचिव यादराम जोया और सभी देवतुल्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top