लोकसभा चुनाव बाद पहली बार अमेठी पहुंचे राहुल:भाजपा का प्रदर्शन, पुलिस से धक्का-मुक्की; पोस्टर लगे-आतंक का साथी

राहुल गांधी के यूपी दौरे का बुधवार को दूसरा दिन है। वह लोकसभा चुनाव के बाद पहली बार अमेठी पहुंचे हैं। यहां ऑर्डनेंस फैक्ट्री का निरीक्षण किया। इसके बाद संजय गांधी अस्पताल में ओपन हार्ट सर्जरी ऑपरेशन थिएटर का उद्घाटन करेंगे।

इधर, राहुल के खिलाफ भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता ऑर्डनेंस फैक्ट्री की ओर बढ़ रहे थे, उन्हें पुलिस ने रोक लिया। इस पर भाजपाई भड़क गए। उनकी पुलिस से धक्का-मुक्की हुई।

सुबह राहुल के खिलाफ जिला कांग्रेस ऑफिस, बस अड्डे समेत 20 जगहों पर 3 तरह के पोस्टर लगाए गए। पहले में राहुल की फोटो के साथ लिखा है- आतंक का साथी राहुल गांधी। दूसरे में राहुल, पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला और महाराष्ट्र के नेता विजय वडेट्टीवार की फोटो लगी है। इसमें लिखा है- इंडी गठबंधन का हाथ पाकिस्तान के साथ।

तीसरे पोस्टर में गुलाम नबी आजाद, लश्कर आतंकी हाफिज सईद और सैफुद्दीन सोज की फोटो लगी है। इसमें लिखा है- कांग्रेस आतंकियों और पाकिस्तान की भाषा बोल रही है। क्या राहुल और उनकी पार्टी पाकिस्तान और आतंकवादियों का एजेंडा आगे बढ़ा रही?

हालांकि, यह पोस्टर किसने लगवाए। यह अब तक स्पष्ट नहीं है। अमेठी पुलिस ने सभी पोस्टर्स को हटा दिया है। सीसीटीवी चेक किए जा रहे हैं कि ये पोस्टर किसने और कब लगाए हैं।

अमेठी से राहुल पहलगाम हमले में मारे गए कानपुर के शुभम द्विवेदी के घर जाएंगे। यहां उनके परिजन से मुलाकात करेंगे। राहुल ने दौरे के पहले दिन रायबरेली में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। कहा – आपका काम चुनाव लड़ने का है, आपका काम पार्टी को जिताने का है। अगर नहीं कर पा रहे हैं, तो या तो आप शादी के घोड़े हैं या लंगड़े घोड़े। जो भी हैं, खड़े हो जाइए और एकसाथ आ जाइए।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top