भारतीय शेयर बाजार में हाहाकार: सेंसेक्स-निफ्टी धड़ाम, निवेशकों के डूबे 18 लाख करोड़ रुपये

भारतीय शेयर बाजार में सोमवार की सुबह भारी गिरावट के साथ खुलते ही हड़कंप मच गया। इसका असर रिलायंस से लेकर टाटा तक की बड़ी कंपनियों पर साफ नजर आया। बाजार खुलते ही सेंसेक्स करीब 3000 अंक फिसल गया, जबकि निफ्टी में 1000 अंकों की गिरावट दर्ज की गई।

(Publish by : Tanya Pandey)
Updated: April 7, 2025 02:56 pm
Rajasthan, India

एशियाई बाजारों में गिरावट, भारत भी लुढ़का

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा लगाए गए टैरिफ का वैश्विक बाजारों पर गहरा असर पड़ा है। सोमवार को ऑस्ट्रेलिया, जापान और दक्षिण कोरिया जैसे एशियाई बाजारों में 5-10% तक की गिरावट आई। इसी का असर भारतीय बाजार पर भी पड़ा, जहां बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 75,364.69 से गिरकर 71,449 के स्तर पर खुला। वहीं, निफ्टी 1000 अंकों की गिरावट के साथ 21,758 पर पहुंच गया।

रिलायंस से टाटा तक शेयरों में भारी गिरावट

सेंसेक्स की 30 में से ज्यादातर बड़ी कंपनियों के शेयर धड़ाम हो गए। टाटा स्टील के शेयर में 10.43% की गिरावट देखी गई, जबकि टाटा मोटर्स 8.29%, रिलायंस इंडस्ट्रीज 4.55%, इन्फोसिस 7.01% और टेक महिंद्रा 6.85% की गिरावट के साथ कारोबार कर रहे हैं। यह पिछले पांच सालों में भारतीय बाजार की सबसे बड़ी गिरावट है, जिसमें निवेशकों के करीब 18 लाख करोड़ रुपये डूब गए हैं।

वैश्विक बाजारों में भी हाहाकार

जापान के निक्केई इंडेक्स में बाजार खुलते ही 225 अंकों की गिरावट आई और एक घंटे में यह 7.1% लुढ़क गया। हांगकांग का हैंगसेंग इंडेक्स 9% से ज्यादा गिर गया। अमेरिकी बाजार भी नहीं बच पाए, जहां नैस्डैक शुक्रवार को 6% की गिरावट के साथ बंद हुआ। विशेषज्ञों का मानना है कि ट्रंप की नीतियों के चलते यह 1987 के बाद की सबसे बड़ी गिरावट हो सकती है।

निवेशकों को सलाह

जानकारों का कहना है कि मौजूदा माहौल में निवेशकों को सतर्क रहने की जरूरत है। बाजार में और गिरावट की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। ऐसे में जल्दबाज़ी में कोई भी निवेश या फैसला नुकसानदायक साबित हो सकता है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top