WHO की चेतावनी: अगली महामारी तय है, दुनिया को अभी से रहना होगा सतर्क

विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के प्रमुख टेड्रोस एडनॉम घेब्रेयसस ने वैश्विक समुदाय को चेतावनी दी है कि अगली महामारी निश्चित है और इसके लिए सभी देशों को तैयार रहना होगा। उन्होंने यह बात WHO की एक अहम बैठक में कही, जहां उन्होंने जोर दिया कि यह कोई काल्पनिक खतरा नहीं, बल्कि एक वास्तविक और वैज्ञानिक रूप से सिद्ध संभावना है।

(Publish by : Tanya Pandey
Updated: April 10, 2025 11:20 am
Rajasthan, India

अगली महामारी कभी भी आ सकती है
डॉ. टेड्रोस ने कहा, “अगली महामारी के आने का इंतजार मत कीजिए। यह कल भी आ सकती है या 20 साल बाद भी। लेकिन यह जरूर आएगी।” उन्होंने आगाह किया कि COVID-19 महामारी की यादें धीरे-धीरे धुंधली होती जा रही हैं, लेकिन अगला स्वास्थ्य संकट बिना किसी चेतावनी के दस्तक दे सकता है।

कोविड-19 से मिला सबक
WHO प्रमुख ने बताया कि आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक COVID-19 से दुनियाभर में करीब 70 लाख लोगों की मौत हुई, लेकिन असल संख्या 2 करोड़ के आसपास हो सकती है। इसके साथ ही वैश्विक अर्थव्यवस्था को भी करीब 10 ट्रिलियन डॉलर का नुकसान हुआ।

महामारी समझौते पर दिया जोर
टेड्रोस ने सभी देशों से WHO महामारी समझौते को समर्थन देने की अपील की, ताकि भविष्य में किसी भी वैश्विक स्वास्थ्य आपदा का सामना एकजुट होकर किया जा सके। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह समझौता किसी देश की संप्रभुता का हनन नहीं करेगा, बल्कि उसे और मजबूत बनाएगा।

समय रहते तैयारी जरूरी
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संकटों से निपटने के लिए राजनीतिक इच्छाशक्ति, अंतरराष्ट्रीय सहयोग और वैज्ञानिक आधार पर आधारित तैयारियां बेहद जरूरी हैं। यदि हम समय रहते कदम नहीं उठाते, तो अगली महामारी पहले से भी ज्यादा विनाशकारी साबित हो सकती है।

Share….

Scroll to Top