Krrish 4 के चर्चों के बीच प्रियंका चोपड़ा संग दिखे ऋतिक रोशन, फोटो देख बोले फैंस- ‘स्क्रिप्ट का डिस्कशन’

कृष 4 को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच, ऋतिक रोशन हाल ही में प्रियंका चोपड़ा के साथ नजर आए, जिससे उनके कृष 4 में वापसी की संभावना पर जोर दिया जा रहा है। फैंस इस बात को लेकर उत्साहित हैं कि फिल्म में प्रियंका चोपड़ा किस किरदार में दिखाई देंगी।

(Publish by : Tanya Pandey
Updated: April 12, 2025 01:04 pm
Rajasthan, India)

कृष 4 को लेकर पिछले कुछ दिनों से चर्चाएं तेज हैं। 12 साल के लंबे इंतजार के बाद ये सुपरहीरो फ्रैंचाइज़ी का अगला हिस्सा दर्शकों के बीच आएगा। इस फिल्म को खास बनाने वाली बात ये भी है कि ऋतिक रोशन ना सिर्फ इसमें अभिनय कर रहे हैं, बल्कि वह इसके निर्देशक भी होंगे। इसके अलावा, फैंस जानने के लिए बेताब हैं कि इस बार ऋतिक के साथ कौन सी अभिनेत्री मुख्य भूमिका में दिखाई देगी। अब तक इस बात पर सस्पेंस था, लेकिन हालिया खबरों और पोस्ट से यह सस्पेंस खत्म होता नजर आ रहा है।

प्रियंका चोपड़ा का ‘कृष 4’ में होना तय?
फिल्म की शूटिंग शुरू होने में कुछ समय बाकी है, लेकिन फिल्म को लेकर चर्चा लगातार जारी है। प्रियंका चोपड़ा के किरदार को लेकर लंबे समय से सस्पेंस बना हुआ था, जो अब हल होता दिख रहा है। हाल ही में खबर आई कि प्रियंका चोपड़ा प्रिया के किरदार में वापस लौट सकती हैं। ऋतिक रोशन ने अपनी एक इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए इस ओर इशारा किया है कि प्रियंका चोपड़ा कृष 4 में उनकी सह-कलाकार हो सकती हैं।

ऋतिक ने प्रियंका, निक और सबा के साथ शेयर की तस्वीर
ऋतिक रोशन ने हाल ही में प्रियंका चोपड़ा से मुलाकात की, और इस दौरान उनके साथ उनकी गर्लफ्रेंड सबा आजाद और प्रियंका के पति निक जोनास भी मौजूद थे। ये सभी एक इवेंट में पहुंचे थे, जहां उन्होंने एक साथ पोज दिया और फोटो खिंचवाई। बाद में ऋतिक ने यह तस्वीर अपने इंस्टाग्राम पर पोस्ट की।

ऋतिक रोशन का पोस्ट और फैंस की प्रतिक्रियाएं
ऋतिक ने पोस्ट में लिखा, “हम यह सोचकर गए थे कि यहां दोस्तों के साथ एक मजेदार रात होगी, लेकिन जब हम बाहर आए तो हम पहले से कहीं ज्यादा हैरान और प्रेरित थे। निक जोनास, आप शानदार हैं। क्या परफॉर्मेंस थी। एड्रिएन वॉरेन, आप अद्भुत हैं। प्रियंका चोपड़ा को धन्यवाद, इतनी शानदार रात के लिए।”

फोटो के नीचे फैंस ने कृष 4 को लेकर अपनी प्रतिक्रियाएं देना शुरू कर दिया। कई यूजर्स ने कहा कि ऋतिक और प्रियंका की मुलाकात से यह अंदाजा लगाया जा सकता है कि दोनों जल्द ही एक साथ स्क्रीन पर दिख सकते हैं। एक यूजर ने लिखा, “इतने सालों बाद आप दोनों को एक साथ देखकर खुशी हुई। उम्मीद है कि आप दोनों जल्द स्क्रीन पर नजर आएंगे।” वहीं दूसरे ने लिखा, “कृष 4 लोडिंग…” और कुछ फैंस ने तो इसे “कृष 4 स्क्रिप्ट डिस्कशन” के तौर पर भी पेश किया।

Share….

Scroll to Top