
डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार की राजनीति में अपने दबंग और बेबाक अंदाज के लिए पहचाने जाने वाले मोकामा के JDU विधायक अनंत सिंह एक बार फिर सुर्खियों में हैं।
इस बार वजह कोई सियासी बयान नहीं, बल्कि उनकी निजी सोच और जीवनशैली को लेकर दिया गया इंटरव्यू है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
इस इंटरव्यू में उन्होंने ऐसी बातें कहीं, जो सीधे तौर पर राजनीति की सोच, सिस्टम और समाज के नजरिए पर सवाल खड़े करती हैं।
सिस्टम पर सवाल या अलग सोच?
अनंत सिंह ने साफ कहा कि वे नौकरी के पक्ष में कभी नहीं रहे। उनका मानना है कि उनका बेटा अगर IAS-IPS बने भी, तो उसे नौकरी छोड़ देनी चाहिए।
वे कभी नौकरी के पक्ष में रहे ही नहीं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि तकदीर वाले का बच्चा ही आईएएस-आईपीएस बनता है।
सम्राट चौधरी की डिग्री पर उठे सवालों को लेकर उन्होंने खुद को ही उदाहरण बना दिया। उन्होंने कहा कि, हम कभी स्कूल गए ही नहीं… सातवां-नौवां क्या होता है, नहीं जानते। इसलिए इसपर कुछ नहीं बोलेंगे।
विपक्ष पर तंज, सिस्टम की सच्चाई?
विपक्ष की आलोचना पर उन्होंने कहा कि विपक्ष का काम ही आलोचना करना है, चाहे सरकार कितना भी अच्छा काम कर ले।
तीन करोड़ की Toyota Land Cruiser को लेकर उन्होंने कहा कि ‘इतनी महंगी गाड़ी है कि डर लगता है कहीं टकरा न जाए।’ बड़ी समस्या हो गई है। कमांडर में यह समस्या नहीं थी।
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि उन्होंने कहा कि वे सचिन तेंदुलकर या महेंद्र सिंह धोनी को नहीं जानते। दरअसल वे क्रिकेट देखते ही नहीं। सिनेमा देखे भी 40 साल हो गया।

