
साहिबाबाद। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के अहिंसा खंड में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां पांचवीं मंजिल से गिरकर एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला नीचे खड़ी एक कार पर आ गिरी, जिससे जोरदार आवाज हुई और आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह हादसा है, आत्महत्या या किसी अन्य कारण से गिरावट हुई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और परिजनों से भी पूछताछ कर रही है, ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।

