
सोबन सिंह गुसांई, देहरादून। चारधाम के साथ ही पयर्टन सीजन में भी शुरू हो चुका है। हर वर्ष की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में सैलानियों के उत्तराखंड पहुंचने की उम्मीद है, जिसे देखते हुए पुलिस ने व्यापक प्लान तैयार किया है। भीड़भाड़ वाले पर्यटन स्थलों पर अब न केवल जमीन से बल्कि आसमान से भी नजर रखी जाएगी। इसके लिए मसूरी व देहरादून में ड्रेान का संचालन किया जाएगा।
स्कूलों में छुट्टियां पड़ते ही बड़ी संख्या में सैलानी देहरादून का रुख करते हैं। इसमें से अधिकतर सैलानी मसूरी जाते हैं जबकि गुच्चुपानी, सहस्त्रधारा, मालदेवता व ऋषिकेश भी पर्यटकों की भीड़ देखने को मिलती है। जाम व हुड़दंगबाजी की घटनाओं को देखते हुए पर्यटन स्थलों पर मोबाइल पार्टियां तैनात की जाएगी जबकि भीड़ प्रबंधन को देखते हुए लगातार ड्रेान का संचालन किया जाएगा। ड्रेान की मदद से भीड़ प्रबंधन भी आसान होगा, जिससे जाम और अव्यवस्था की स्थिति को नियंत्रित किया जा सकेगा।
इसके अलावा शहर व आसपास के पर्यटन स्थलों पर मोबाइल पुलिस पार्टियों को भी सक्रिय किया जाएगा। यह टीमें लगातार गश्त कर सैलानियों की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी और जरूरत पड़ने पर मौके पर ही सहायता उपलब्ध कराएंगी। पुलिस की ओर से होटल, टैक्सी संचालकों व स्थानीय व्यापारियों के साथ भी समन्वय स्थापित किया जा रहा है।
यहां रहेंगी सात मोबाइल पार्टियां तैनात
- चंद्रबनी चौक से ट्रांसपोर्ट नगर तिराहा से सेंट ज्यूड्स चौक तक
- सेंट ज्यूड्स चौक से निरंजनपुर सब्जी मंडी से कमला पैलेस तक
- कमला पैलेस से जीएमएसएस रोड से बल्लीवाला फ्लाईओवर से बल्लुपुर चौक तक
- बल्लुपुर चौक से कौलागढ़ से कैंट कोतवाली से पोस्टआफिस तिराहा से सर्किट हाउस चौकी तक
- जोगीवाला चौक से कैलाश अस्पताल कट से छह नंबर पुलिया
- मसूरी क्षेत्र
09 एसआई, 06 हेड कांस्टेबल व 45 कांस्टेबल की रहेगी ड्यूटी
पर्यटन सीजन को देखते हुए पुलिस की ओर से अलग-अलग प्वाइंटों पर 09 सब इंस्पेक्ट, 06 हेड कांस्टेबल व 45 कांस्टेबलों की ड्यूटी लगाई गई है। पुलिसकर्मी डायवर्जन प्वाइंट व अन्य ड्यूटी स्थलों पर तैनात रहेंगे। डायवर्जन प्वाइंट ट्रांसपोर्ट नगर, शिमला बाइपास चौक, सर्किट हाउस, कुठाल गेट तिराहा, साईं मंदिर तिराहा, जोहड़ी गांव तिराहा, मसूरी डायवर्जन व हाथीपांव तिराहा मसूरी में सात सब इंस्पेक्टर, दो हेड कांस्टेबल व 10 कांस्टेबल की ड्यूटी रहेगी।
इसके अलावा लक्ष्मी धर्मकांटा तिराहा ट्रांसपोर्टनगर, चंद्रबनी चौक, सेंट ज्यूड्स चौक, कौलागढ़, कैंट चौक, पोस्ट आफिस तिराहा, सीएसडी तिराहा, जोहड़ी गांव, सनपार्क कट, अल्का डेयरी, वैली ब्रिज कुठाल गेट, गुच्चुपानी, आइटी पार्क, कृशाली चौक, काठ बंगला, प्रेमनगर फ्लाईओवर कट, सहस्त्रधारा, पेसेफिक माल, माल आफ दून, इंद्रभाबा मार्ग, महाराणा प्रताप चौक, शिव मंदिर तिराहा, हाथीखाना चौक, गज्जी बैंक, किंग ग्रेग व लाइब्रेरी चौक में भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।
पर्यटन सीजन को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। हाईटेक निगरानी व मजबूत पुलिसिंग के जरिए यह सुनिश्चित किया जाएगा कि सैलानियों का अनुभव सुरक्षित व सुखद बना रहे।
– प्रमेन्द्र डोबाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक

