‘मतगणना केंद्र पर ड्रामाबाजी कर रहीं ममता बनर्जी’, सुवेंदु अधिकारी बोले- नाटक से नहीं बदलेंगे नतीजे

भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर मतगणना केंद्र पर ‘ड्रामाबाजी’ करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ममता हार की हताशा में ऐसा कर रही हैं और इससे चुनाव नतीजे नहीं बदलेंगे।

मतगणना केंद्र पर ड्रामाबाजी कर रहीं ममता बनर्जी- सुवेंदु अधिकारी (फाइल फोटो)

राज्य ब्यूरो, जागरण, कोलकाता । भाजपा के वरिष्ठ नेता व विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर पिछली रात मतगणना केंद्र के सामने ‘ड्रामाबाजी’ करने का आरोप लगाया।

सुवेंदु ने भवानीपुर स्थित भाजपा चुनाव कार्यालय में पत्रकारों से कहा कि मुख्यमंत्री चाहे दो दिन और इस तरह का नाटक करती रहें, लेकिन इससे नतीजे नहीं बदलेंगे।

जो कर रहीं ड्रामाबाजी से कम नहीं…

भवानीपुर निर्वाचन क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो के खिलाफ चुनाव लड़ रहे सुवेंदु ने कहा कि वह (ममता) जो कर रही हैं वह ‘ड्रामाबाजी’ से कम नहीं है। वह वाशरूम जैसी सुविधाओं से लैस गाड़ी में मतगणना केंद्र पहुंचीं और वहां चार घंटे तक रहीं। अगर वह परिणाम बदलना भी चाहती हैं, तो ऐसा कभी नहीं होगा।

विपक्ष के नेता ने कहा कि बंगाल में उनका (ममता का) सत्ता से बाहर होना तय है।

बंगाल में परिवर्तन हो रहा…

सुवेंदु भवानीपुर के अलावा अपने गृह जिले पूर्व मेदिनीपुर की अपनी परंपरागत सीट नंदीग्राम से भी चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने ममता बनर्जी के ईवीएम में हेराफेरी के आरोपों पर कहा कि उनकी योजना क्या है? वह जो कुछ भी कर रही हैं, वह सही नहीं है। वह हताश हैं क्योंकि वह हार रही हैं। बंगाल में परिवर्तन हो रहा है, और यह बात सभी जानते हैं। सही नतीजे चार मई की दोपहर तक पता चल जाएंगे। लेकिन भाजपा की सरकार आ रही है।

बताते चलें कि ममता गुरुवार शाम को ईवीएम में हेराफेरी की आशंका जताते हुए भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के एक मतगणना केंद्र पहुंची थीं। दक्षिण कोलकाता के शेखावत मेमोरियल स्कूल में मतगणना केंद्र से आधी रात के बाद रवाना हुईं ममता ने कहा कि निर्धारित मतगणना क्षेत्र में केवल एक व्यक्ति को ही प्रवेश की अनुमति होगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top