
भागलपुर। भाजपा के गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने पश्चिम बंगाल में भाजपा की बढ़त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह की रणनीतिक सफलता बताया। उन्होंने कहा कि यह जीत लंबे समय से इंतजार कर रहे लोगों की भावना का परिणाम है। यहां बता दे के सांसद निशिकात दुबे का गृह क्षेत्र भागलपुर है।
‘रणनीति और जनसंपर्क से मिली सफलता’
सांसद दुबे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आम लोगों से जुड़ने के लिए स्थानीय संस्कृति और जीवनशैली को अपनाया। उन्होंने कहा कि मोदी का आम जनजीवन में घुलना-मिलना, जैसे स्थानीय खानपान को अपनाना, लोगों को अपने करीब लाने में कारगर रहा।
अस्मिता का मुद्दा बना अहम’
दुबे के अनुसार, गृहमंत्री अमित शाह ने लोगों के बीच उनकी अस्मिता और सुरक्षा का मुद्दा प्रभावी ढंग से उठाया। इससे लोगों में विश्वास जगा कि उनकी पहचान और अधिकारों की रक्षा की जाएगी।
‘लोगों ने खुलकर किया समर्थन’
उन्होंने कहा कि इस बार लोगों ने खुलकर भाजपा का समर्थन किया। मतदाताओं ने निर्भीक होकर मतदान किया और बदलाव के पक्ष में अपनी राय स्पष्ट रूप से रखी।
‘लंबे समय से था बदलाव का इंतजार’
सांसद दुबे ने कहा कि राज्य में कई लोग लंबे समय से बदलाव की प्रतीक्षा कर रहे थे।उन्होंने आरोप लगाया कि पहले के चुनावों में लोग दबाव के कारण खुलकर अपनी पसंद जाहिर नहीं कर पाते थे।
कार्यकर्ताओं ने निभाई अहम भूमिका’
उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ताओं और सहयोगियों ने जमीनी स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाई। विभिन्न क्षेत्रों में पार्टी कार्यकर्ताओं ने लगातार जनसंपर्क अभियान चलाया और लोगों तक अपनी बात पहुंचाई।
‘राष्ट्रवाद और सांस्कृतिक मुद्दों का असर’
दुबे के अनुसार, राष्ट्रवाद और सांस्कृतिक मूल्यों से जुड़े मुद्दों का भी चुनाव में प्रभाव पड़ा। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों ने लोगों को एकजुट करने और समर्थन जुटाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
‘खुद भी रहे सक्रिय’
सांसद ने बताया कि वह स्वयं भी एक कार्यकर्ता के रूप में चुनावी अभियान में सक्रिय रहे। उन्होंने कहा कि जहां-जहां वे गए, वहां लोगों के बीच मोदी और शाह के प्रति सकारात्मक माहौल देखने को मिला।
‘जनता ने बदलाव का दिया संकेत’
दुबे ने निष्कर्ष रूप में कहा कि यह परिणाम जनता की इच्छा और बदलाव की चाह का प्रतीक है। उन्होंने इसे भाजपा की नीतियों और नेतृत्व पर जनता के भरोसे का संकेत बताया।

