करनाल में राजमिस्त्री के मुंह में चाकू घोंपकर लूटा, पुलिस शराबी समझकर तड़पता छोड़ गई; 15 घंटे बाद पहुंची एंबुलेंस

करनाल। फूसगढ़ रोड पर सांई मंदिर के समीप शनिवार की देर रात तीन बदमाशों ने एक राजमिस्त्री के मुंह में चाकू घोंप दिया। चाकू मुंह के पार हो गया। उसका मोबाइल और दो हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। घायल राजमिस्त्री सड़क किनारे ही पड़ा रहा।

राहगीरों ने डायल 112 को फोन किया। पुलिस आई भी, लेकिन घायल को शराबी कहकर वह वहीं छोड़ चली गई। इसके बाद लोगों ने एंबुलेंस को फोन किया, लेकिन 15 घंटे तक एंबुलेंस भी नहीं आई। रविवार दोपहर 12 बजे अपना आशियाना संस्था के सदस्य घायल को लेने पहुंचे और उसे अस्पताल में दाखिल कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मुंह में घाव के कारण बोल नहीं पाया

अपना आशियाना के पदाधिकारी राजकुमार ने बताया कि मिस्त्री का नाम बलिंद्र है। मूलरूप से बिहार का रहने वाला है। उसने सेक्टर 6 के समीप किराये पर कमरा लिया हुआ है। उसके चार बच्चे और पत्नी बिहार गए हैं।

बलिंद्र की जेब से उसका आधार कार्ड मिला है, उसका कहना है कि शनिवार रात को तीन बदमाशों ने उसे चाकू मारा है और उसका मोबाइल व दो हजार रुपये भी लूटकर ले गए। तीनों युवकों ने कपड़े से मुंह बांधा हुआ था। चाकू मुंह के पार हो गया। वह बोल नहीं पाया।

ई-रिक्शा चालक ने पुलिस के डर से नहीं दिया साथ

लोगों ने बताया कि जब उन्होंने डायल 112 को फोन किया था तो वह मजदूर को शराबी कहकर छोड़कर चले गए। इसके बाद उन्होंने एक ई रिक्शा चालक को कहा था कि 500 रुपये ले लो और घायल को अस्पताल ले जाओ, लेकिन कोई तैयार नहीं हुआ। उनका कहना था कि पुलिस ही लेकर जाएगी नहीं तो पुलिस उन्हें परेशान करेगी।

सीएमओ पूनम चौधरी ने कहा कि डायल 112 पर काल करने पर पुलिस की एंबुलेंस भी काल जाती है। इसकी जांच करानी पड़ेगी। उस दौरान किस एंबुलेंस को काल आई थी, यदि चालक की लापरवाही पाई गई तो कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने पहले भी परेशान किया था

जिस व्यक्ति ने पुलिस को काल किया था, उसने बताया कि काफी समय पहले उनके घर के सामने एक व्यक्ति का शव मिला था। जब उन्हें पुलिस को सूचना दी तो पुलिस ने पूरा दिन उन्हें और अन्य पड़ोसियों को परेशान किया। पूरा दिन पूछताछ ही करते रहे।

वो तो मृतक के स्वजन ने ही पुलिस को बताया कि मृतक शराब पीने का आदी था। इस कारण उसकी मौत हुई होगी। तब जाकर पुलिस ने उनसे पूछताछ करनी बंद की। इसी डर से वह घायल को अस्पताल नहीं लेकर गए और सीधा पुलिस को काल की थी लेकिन डायल 112 की पुलिस उसे घायल मजदूर को लेकर ही नहीं गई।

एसपी नरेंद्र बिजारणिया ने कहा कि यह मामला अभी मेरे संज्ञान में आया है। इसकी जांच कराई जाएगी। किसी डायल 112 पर काल की गई थी। लापरवाही मिलने पर कार्रवाई भी की जाएगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top