बाजपुर: भाई ने आठ साल की बच्ची से किया दुष्कर्म, खून से लथपथ हालत में छोड़ा; केस दर्ज

बाजपुर । कोतवाली क्षेत्र में आठ वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपित मासूम पीड़िता का ममेरा भाई बताया जा रहा है। पीड़िता की मां की तहरीर पर आरोपित के विरुद्ध पोक्सो सहित विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना तीन मई की सुबह करीब 11 बजे की है। कोतवाली क्षेत्र निवासी पीड़िता की मां मजदूरी करने के लिए खेत (फार्म) में गई थी, घर पर उसकी आठ वर्षीय और छह वर्षीय दो बेटियां मौजूद थीं। आरोप है कि इसी दौरान नजदीकी गांव निवासी आरोपित बच्ची का ममेरा भाई घर पहुंचा और आठ वर्षीय बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। आरोपित ने बच्ची को अपने घर ले जाकर दरवाजा बंद कर दिया और उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया।

जान से मारने की धमकी भी दी

विरोध करने पर बच्ची को जान से मारने की धमकी भी दी गई। घटना के बाद आरोपित बच्ची को गांव के पास राइस मिल के सामने गंभीर अवस्था में खून से लथपथ हालत में छोड़कर फरार हो गया। इधर पास में खेल रही छोटी बहन घायल बच्ची को लेकर मां के पास खेत (फार्म) पर पहुंची।

मां बच्ची को घर लाई और पूछताछ करने पर बच्ची ने आपबीती बताई। यह आरोप भी लगाया है कि आरोपित और उसकी मां पीड़िता के घर पहुंचे और मामले को दबाने का दबाव बनाते हुए इलाज कराने के बहाने बच्ची को अपने साथ ले गए। पीड़िता की मां जब अपनी बेटी को लेने आरोपित के घर पहुंची तो उसे बच्ची देने से इन्कार कर दिया गया और धमकाया गया। सोमवार सुबह ग्रामीणों की मदद से बच्ची को वापस लाया गया।

बच्ची की हालत बनी गंभीर

मां ने बताया कि बच्ची की हालत गंभीर है। पीड़िता के पिता पांच-छह वर्ष पहले घर छोड़कर जा चुके हैं, जिससे परिवार का पालन-पोषण मां मजदूरी कर ही कर रही है।

वहीं पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपित के विरुद्ध पोक्सो सहित कई धाराओं में मामला पंजीकृत कर लिया है। बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। देर सायं मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top