
रायबरेली। नगर पालिका परिषद क्षेत्र के अंतर्गत जलकल कार्यालय परिसर में प्रस्तावित सिटी रिसोर्स सेंटर का वर्षों से रुका निर्माण कार्य अब पूरा कराया जाएगा।
इस संबंध में हाल ही में आयोजित बोर्ड बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए परियोजना को पुनः शुरू करने पर सहमति बनी। इसको लेकर नगर पालिका ने एक करोड़ 40 लाख रूपये का नया बजट भी निर्धारित कर दिया है। इसके बनने से नगर पालिका में पंजीकृत तकरीबन 41 हजार भवन स्वामियों को एक ही स्थान पर पालिक से जुड़े विभागों की सभी सुविधाएं मिल सकेंगी।
सिटी रिसोर्स सेंटर परियोजना नगर के विकास की दृष्टि से काफी अहम मानी जा रही है। इसमें नगर पालिका अध्यक्ष कार्यालय ,अधिशसी अधिकारी कार्यालय , सभासदों के बैठने के कक्ष ,नगर पालिका परिषद के समस्त विभाग के आफिस ,संस्कृतिक प्रोग्राम हाल ,आवासीय भवन, आडिटोरियम, कान्फ्रेंस हाल और दुकाने बनाए जाने हैं।
इसके पूर्ण होने पर शहरवासियों को विभिन्न सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी, जिससे प्रशासनिक कार्यों में सुविधा के साथ-साथ स्थानीय व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा। गौरतलब है कि इस भवन का निर्माण कार्य वर्ष 2011-़12 में सीएनडीएस द्वारा शुरू कराया गया था, लेकिन किसी कारणवश इसे अधूरा छोड़ दिया गया। तब से यह परियोजना लंबित पड़ी थी, जिससे करोड़ों रुपये की लागत से बनी संरचना का समुचित उपयोग नहीं हो पा रहा था।
अब नगर पालिका परिषद ने इसे प्राथमिकता में लेते हुए दोबारा शुरू कराने का निर्णय लिया है। बोर्ड बैठक में सदस्यों ने निर्माण कार्य में हुई देरी पर नाराजगी जताई थी, जिसका निर्माण पूरा कराने का प्रस्ताव भी रखा था।
सभासद परमजीत सिंह गांधी का कहना है कि सिटी रिसोर्स सेंटर बनने से नगर वासियों को अब आने वाले समय समें एक ही भवन में नगर पालिका के सभी आफिस के साथ ही अन्य सुविधा मिल सकेंगी। इसके निर्माण होने पर नगर पालिका में पंजीकृत तकरीबन 41 हजार भवन स्वामियों को लाभ मिलेगा।
जिन्हें आने वाले समय में एक ही जगह पर सारी सामग्री मिल सकेंगी । नगर पालिका अध्यक्ष शत्रोहन साेनकर का कहना है कि लगभग 16 करोड़ रुपये की लागत से इस परियोजना को 2011-12 में शुरु किया गया था। जिसमें आठ करोड़ रूपये की खर्च महज कर कार्य को 2014 में कार्यदायी संस्था छोड़ चली गई थी।
जिसमें नगर पालिका निधि से एक करोड़ 40 लाख का प्रस्ताव में और लाया गया है। जिस कार्य को दो चरण में किया जाएगा। जिसकी टेंडर प्रक्रिया जारी कर दी गई है। निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराकर इसकी प्रगति की लगातार समीक्षा की जाएगी।
अब एक ही जगह होंगी नपा के सभी कार्यालय
नगर पालिका के प्रशासनिक अधिकारी कार्यालय ,जलकल विभाग ,निर्माण विभाग, राजस्व विभाग , कर विभाग , पथ प्रकाश विभाग के कार्यालय अब एक ही भवन में मिलनें पर नगर वासियों को सहूलियत मिलेंगी।

