दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट टिकट के नाम पर ठगी, गुरुग्राम पुलिस ने दबोचा फर्जी वेबसाइट बनाने वाला BCA स्टूडेंट

गुरुग्राम। मशहूर पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के काॅन्सर्ट टिकटों की बिक्री के नाम पर फर्जी वेबसाइट बनाकर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह के एक और सदस्य को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

आरोपित की पहचान उत्तराखंड के उधम सिंह नगर निवासी प्रियांशु कुशवाह के रूप में हुई है। उसने जोमैटो के नाम से मिलती-जुलती वेबसाइट तैयार कर लोगों को झांसे में लिया।

थाना साइबर दक्षिण पुलिस के अनुसार 17 सितंबर 2024 को जोमेटो की ओर से शिकायत दी गई थी कि कुछ लोग कंपनी के नाम से फर्जी वेबसाइट और ई-मेल आईडी बनाकर काॅन्सर्ट टिकट बेच रहे हैं।

आरोपितों ने वेबसाइटें तैयार की थीं। साथ ही इंस्टाग्राम के माध्यम से टिकट बिक्री का प्रचार किया जा रहा था। जबकि काॅन्सर्ट टिकटों की आधिकारिक बिक्री केवल जोमेटो के प्लेटफाॅर्म से ही होनी थी।

पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपित प्रियांशु कुशवाह को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया है। इस मामले में नितिन और विष्णु नाम के दो आरोपितों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। साइबर पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह ने कितने लोगों को निशाना बनाया और ठगी की रकम किन खातों में ट्रांसफर की गई।

पांच हजार रुपये में बनाई थी फर्जी वेबसाइट

जांच में सामने आया कि प्रियांशु ने अन्य आरोपित नितिन के कहने पर फर्जी वेबसाइट डिजाइन की थी। इसके एवज में उसे पांच हजार रुपये मिले थे। आरोपित ने वर्ष 2024 में गाजियाबाद से बीसीए की पढ़ाई पूरी की थी और वर्तमान में देहरादून में फ्रीलांसर वेबसाइट डिजाइनर के रूप में काम कर रहा था।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top