
अमेठी। युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए चलाए जा रहे नशा मुक्त अमेठी अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। फुरसतगंज पुलिस ने करीब छह लाख रुपये कीमत का गांजा बरामद कर अवैध कारोबार में लिप्त महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपित के कब्जे से गांजा बिक्री से प्राप्त नकदी भी बरामद हुई है।
फुरसतगंज के ब्रम्हनी निवासी साधना सिंह पत्नी रत्नेश सिंह घर पर ही गांजा बेचने का काम करती थी। इसकी भनक पुलिस को लग गई। सीओ दिनेश कुमार मिश्रा व थाना प्रभारी निरीक्षक नंद हौसिला यादव की अगुवाई में पुलिस टीम ने बुधवार रात घर पर छापा मारा।
छापामारी के दौरान तलाशी लेने पर घर से पांच किलो 924 ग्राम गांजा तथा गांजा बिक्री से प्राप्त 3900 रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस के अनुसार बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग छह लाख रुपये है। फुरसतगंज पुलिस ने आरोपित महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर चालान न्यायालय भेज दिया।
गांजा कारोबार के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में पुलिस जुट गई है। गिरफ्तारी टीम में एसआई सुरेश कुमार, मुख्य आरक्षी सुरेश कुमार यादव, आरक्षी दुर्वेश कुमार, राम कुमार यादव, हिमांशू, पुष्पेंद्र सिंह, महिला आरक्षी पुनीता, शालिनी व खुशबू यादव शामिल रही।
परिवार के अन्य लोग भी अवैध कारोबार में हैं संलिप्त
आरोपित महिला लंबे समय से गांजा बेचने का अवैध कारोबार कर रही थी। इस कारोबार में परिवारजन भी संलिप्त है। सूत्रों की माने तो महिला की अनुपस्थिति में परिवार के अन्य सदस्य गांजा की बिक्री करते थे। हालांकि पुलिस जांच कर रही है। विवेचना के दौरान संलिप्त अन्य लोगों को मुकदमा में शामिल किया जाएगा।

