मानेसर एलिवेटेड के निर्माण से पहले ट्रैफिक डायवर्जन का ट्रायल शुरू, बड़े वाहनों के लिए बदला रूट

मानेसर (गुरुग्राम)। दिल्ली-जयपुर हाईवे स्थित गांव मानेसर में बनने वाले एलिवेटेड के लिए रूट डायवर्ट करने का ट्रायल बृहस्पतिवार को शुरू हुआ। इस दौरान वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा और पूरा दिन एनएसजी कैंप तक जाम लगा रहा। मानेसर गांव में एलिवेटेड बनाया जाना है। इसके लिए करीब 47 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

एनएचएआइ द्वारा यह एलिवेटेड बनाया जाना है। इसका कार्य जल्द ही शुरू होना है। इसको देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा रुट डायवर्ट किया गया है। बुधवार को प्रशासन द्वारा एडवाइजरी जारी की जा चुकी है। वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्ग प्रयोग करने की हिदायत दी गई है। ट्रायल के बाद एलिवेटेड के लिए निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

जयपुर-दिल्ली लाइन को बंद 

बुधवार देर रात दिल्ली जयपुर हाईवे के जयपुर से दिल्ली लाइन को बंद कर दिया गया था। ट्रायल पूरा होने के बाद दिल्ली से जयपुर लाइन को भी बंद किया जाएगा। मानेसर क्षेत्र को नो एंट्री जोन में भी शामिल किया जा चुका है। सभी औद्योगिक संस्थानों को भी इसके बारे में एचएसआइआइडीसी द्वारा एडवाइजरी जारी की गई है।

मानेसर मार्केट में आने वाले वाहनों के लिए सेक्टर दो में एचएसआइआइडीसी कार्यालय के सामने पार्किंग बनाई गई है। इससे सड़कों किनारे वाहन खड़े नहीं होंगे। सड़कों किनारे खड़े रहने वाले वाहनों के प्रति पुलिस द्वारा सख्ती बरती जा रही है।

बड़े वाहनों की पचगांव चौक से आगे नहीं होगी एंट्री

बड़े कमर्शियल वाहनों के लिए पचगांव चौक पर बेरिकेडिंग की जाएगी। इन वाहनों को केएमपी एक्सप्रेस वे होते हुए टीसीआई चौक से आइएमटी सेक्टर आठ होते हुए दिल्ली जयपुर हाईवे जाने की सलाह दी गई है। ऐसे ही दिल्ली की तरफ से आने वाले वाहनों को आइएमटी चौक से आइएमटी होते हुए टीसीआई चौक और केएमपी एक्सप्रेस वे पर भेजा जाएगा।

छोटी गाड़ियों को मानेसर जाने में किसी प्रकार की समस्या नहीं होगी। आइएमटी चौक से गलत दिशा में जाने वाले वाहनों के खिलाफ भी सख्ती बरती जाएगी। बसों के लिए आइएमटी चौक पर पावर हाउस के सामने अस्थायी बस स्टाप बनाया जाएगा।

केएमपी एक्सप्रेस वे के नीचे रास्ते को किया जाएगा दुरुस्त

आइएमटी मानेसर से छोटी गाड़ियों को जयपुर की तरफ निकालने की व्यवस्था एचएसआइआइडीसी द्वारा की जाएगी। केएमपी एक्सप्रेस वे के नीचे टूटी सड़कों को दुरुस्त किया जाएगा। इससे छोटी गाड़ियों आइएमटी से मोकलवास, खरखड़ी होते हुए आसानी से निकल सकेंगी। मानेसर नगर निगम के सीनियर डिप्टी मेयर प्रवीण यादव ने बताया कि एक दो दिन बाद स्थिति नियंत्रण में आ जाएगी। लोगों से भी अपील है कि प्रशासन का सहयोग करें ताकि अव्यवस्था न हो।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top