गुरुग्राम की पारस ईरिन सोसायटी के क्लब एंड स्पा में शॉर्ट सर्किट से आग, धुआं भरने से मचा हड़कंप; बाल-बाल बचे लोग

गुरुग्राम। गुरुग्राम के सेक्टर-70ए स्थित पारस ईरिन सोसायटी के क्लब एंड स्पा परिसर में सोमवार को अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई।

आग लगने की सूचना मिलते ही सोसायटी प्रबंधन ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना पाकर दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि क्लब एंड स्पा परिसर में अचानक स्पार्किंग हुई, जिसके बाद आग फैल गई। हालांकि दमकल विभाग की टीम ने समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

सभी को सुरक्षित बाहर निकाला गया 

घटना के दौरान क्लब परिसर में मौजूद लोगों को तुरंत सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस आगजनी की घटना में किसी के घायल होने या किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। आग से क्लब परिसर के अंदर रखे फर्नीचर और अन्य सामान को नुकसान पहुंचा है।

जांच में जुटा फायर ब्रिगेड विभाग

दमकल विभाग के कर्मचारियों ने काफी मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह बुझा दिया। अधिकारियों के अनुसार आग अंदर के हिस्से तक ही रही, जिससे स्थिति जल्दी नियंत्रण में आ गई। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top