
गुरुग्राम। सेक्टर-69 स्थित ट्यूलिप येलो सोसाइटी में पर्यावरण संरक्षण, ईंधन बचत और ट्रैफिक नियंत्रण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कार पूल सुविधा की शुरुआत की गई है। सोसायटी के सक्रिय सदस्यों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान से प्रेरित होकर यह पहल शुरू की है, जिसे निवासियों का अच्छा समर्थन मिल रहा है। सोसायटी में बनाए गए व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से बड़ी संख्या में लोग इस सुविधा से जुड़ रहे हैं और इसका लाभ उठा रहे हैं।
सोसायटी निवासी अंकित गंभीर ने बताया कि कार पूल व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए एक विशेष व्हाट्सएप ग्रुप बनाया गया है। इसमें निवासी अपने दैनिक यात्रा मार्ग और समय की जानकारी साझा करते हैं। इसके बाद समान दिशा में जाने वाले लोग आपस में संपर्क कर एक ही वाहन में सफर करते हैं।
कार पूलिंग से यात्रा न केवल सुविधाजनक और किफायती बनी
उन्होंने कहा कि इससे यात्रा न केवल सुविधाजनक और किफायती बनी है, बल्कि लोगों का समय भी बच रहा है और आपसी मेलजोल भी बढ़ रहा है। समाजसेवी इं. आरके जायसवाल ने कहा कि यह पहल सामाजिक सहयोग और भाईचारे की भावना को मजबूत करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है।

