गुरुग्राम: एंबिएंस आइलैंड गोल्फ कोर्स के वाटर हैजार्ड में दो बच्चों की डूबने से मौत, जांच जारी

गुरुग्राम। डीएलएफ फेज तीन थाना क्षेत्र में एंबिएंस माल के पीछे एंबिएंस आईलैंड स्थित गोल्फ कोर्स में बने वाटर हैजार्ड में दो बच्चों की डूबने से मौत हो गई। इनकी उम्र करीब 10 से 12 वर्ष है। घटना गुरुवार रात करीब आठ बजे की है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर बच्चों के शवों को निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया है। साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार नाथूपुर में रहने वाले चार बच्चे गुरुवार शाम करीब सात बजे नहाने के लिए एंबिएंस आईलैंड में बने गोल्फ कोर्स में घुस गए थे। चारों दीवार फांदकर अंदर पहुंचे थे। नहाने के दौरान दो बच्चे पानी में डूब गए, जब काफी देर तक भी वह बाहर नहीं निकले तो उनके साथ गए अन्य दोनों बच्चों ने बाहर आकर यहां खड़े लोगों को सूचना दी।

इसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी मिली। डीएलएफ फेस तीन थाना पुलिस ने बताया कि दोनों के शवों को पानी से निकाल लिया गया है। परिवार वालों को जानकारी दी गई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

मामले की जांच की जा रही है। यह देखा जा रहा है कि बच्चे दीवार फांदकर अंदर कैसे पहुंचे। यह भी जानकारी ली जा रही है कि क्या यह बच्चे रोज आते थे यह पहली बार यहां आए थे। साथ में गए दोनों अन्य बच्चों से इसके बारे में जानकारी ली जाएगी।

बता दें कि इससे पहले पश्चिमी दिल्ली में भी 30 अप्रैल को इसी तरह की घटना हुई थी। यहां चार बच्चे दीवार फांदकर गोल्फ कोर्स के अंदर घुस गए थे। यहां नहाने के दौरान डूबने से तीन बच्चों की मौत हो गई थी। इसमें दो सगे भाई थे।

क्या होता है वाटर हैजार्ड?

गोल्फ कोर्स में टीइंग ग्राउंड और होल के बीच में स्थित तालाब या जलाशय को वाटर हैजार्ड या पेनाल्टी एरिया कहते हैं। इसे गोल्फ कोर्स की सुंदरता बढ़ाने और गोल्फ के खेल को मुश्किल बनाने के लिए एक बाधा के रूप में प्रयोग किया जाता है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top