गुरुग्राम के सरस्वती कुंज में 19.5 एकड़ भूमि पर बुलडोडर एक्शन, 3420 अवैध झुग्गियां ध्वस्त

नया गुरुग्राम। सेक्टर-53 में विकसित सरस्वती कुंज में टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग के जिला नगर योजनाकार इन्फ़ोर्समेंट (डीटीपीई) द्वारा चलाया गया अतिक्रमण हटाओ अभियान लगातार पांचवें दिन चलने के बाद खत्म हुआ।

पांच दिनों तक चले इस बड़े अभियान के दौरान विभाग ने सरस्वती कुंज कालोनी के लाइसेंस की करीब 19.5 एकड़ सरकारी भूमि को कब्जा मुक्त कराया। इस दौरान लगभग 3420 अवैध झुग्गियों को हटाया गया। साथ ही नर्सरी स्कूल की साइट, ग्रीन बेल्ट से भी अतिक्रमण हटाया गया। इस दौरान दो निर्माणाधीन मकानों को भी सील किया गया।

शुक्रवार को भी हुई कार्रवाई

बृहस्पतिवार और शुक्रवार को भी डीटीपीई अमित मधोलिया के नेतृत्व में भारी पुलिस बल और पीले पंजों की मदद से कार्रवाई की गई। इसके अलावा एक नर्सरी स्कूल साइट और ग्रीन बेल्ट क्षेत्र को भी कब्जा मुक्त कराया। वहीं दो निर्माणधीन मकानों को भी बिना परमिशन के निर्माण करने पर सील कर दिया गया।

विभागीय अधिकारियों के मुताबिक 18 मई से शुरू हुए इस अभियान के दौरान कुल 167 प्लॉटों को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। कार्रवाई के दौरान निकलने वाले सी एंड डी वेस्ट (कंस्ट्रक्शन एंड डिमोलिशन मलबे) के उठान का कार्य भी साथ-साथ शुरू कराया गया, ताकि क्षेत्र में सफाई व्यवस्था बनी रहे।

फेंसिंग कराने की तैयारी भी

डीटीपीई अमित मधोलिया की ओर से मौके पर मुनादी भी कराई गई है कि खाली कराई गई जमीन पर दोबारा कब्जा करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध सीधे एफआइआर दर्ज कराई जाएगी। विभाग अब जमीन को सुरक्षित करने के लिए फेंसिंग कराने की तैयारी भी कर रहा है।

इसके लिए उपायुक्त गुरुग्राम से अनुमति और आग्रह किया गया है। गौरतलब है कि उपायुक्त उत्तम सिंह के निर्देशों के बाद डीटीपीई अमित मधोलिया ने सरस्वती कुंज में अवैध झुग्गियों और बिना अनुमति बने निर्माणों के विरुद्ध बड़ा अभियान शुरू किया था।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top