
सोहना (गुरुग्राम)। गुरुग्राम के सोहना में रखरखाव के अभाव में दौला हरचंदपुर-खरोदा लिंक रोड शेरशाह सूरी (परमिट लाइन) मार्ग पूरी तरह जर्जर हो चुका है।
इस मार्ग का न विभाग के अधिकारी ही सुध ले रहे हैं और न ही यहां के जनप्रतिनिधि। सालों से रोड की मरम्मत तक नहीं की गई, जिससे रोड गड्ढों में तब्दील हो चुका है।
पीडब्ल्यूडी विभाग को ग्राम पंचायत प्रतिनिधि शिकायत कर चुके हैं लेकिन कोई असर नहीं। कई जगह तो रोड में गहरे गड्ढे बन गए हैं। घरों का गंदा पानी भरा रहता है। इन गड्ढों में दुपहिया वाहन चालक गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो जाते हैं।
हालात यह है कि रोड कम गड्ढे युक्त तालाब ज्यादा नजर आते हैं। काफी लोग गड्ढों में गिरकर घायल हो चुके हैं। इस मार्ग को परमिट रोड के नाम से भी जाना जाता है। इस रोड पर कई नामी स्कूल संचालित हो रहे हैं। एक पांच स्टार होटल भी इस रोड पर है। बल्लभगढ़ एवं फरीदाबाद जैसे शहरों को यह लिंक रोड जोड़ता है।
करीब पांच किलोमीटर तक यह रोड जगह-जगह से टूटकर गड्ढों में बदल गया है। जर्जर रोड पर पीडब्ल्यूडी विभाग का कोई ध्यान नहीं है। छोटे-छोटे बच्चों को सड़क पार करने में दिक्कत होती है। वाहन चालकों के लिए यह रोड जानलेवा साबित हो रहा है। यह कई गांवों को जोड़ने वाली मुख्य सड़क है। पंचायत की ओर से लिखित शिकायत कई बार दी जा चुकी है, पर कोई सुनवाई नहीं
सोहना के आसपास के किसी गांव के लिंक रोड पर चले जाओ, सारे रोड जगह जगह से टूट चुके हैं। कई वर्षों से मरम्मत नहीं की गई। खामियाजा क्षेत्रीय लोगों को भुगतना पड़ रहा है। सड़क वाहन चालकों के लिए मुसीबत बनी है। मरम्मत करने के आश्वासन जरूर मिलते हैं लेकिन आगे काम नहीं होता।
कई युवा काल का ग्रास बन चुके हैं। आए दिन इस रोड़ पर सड़क हादसे बढ़ने की वजह से स्थानीय ग्रामीणों में रोष है। खासकर इस रोड पर चलने वाले युवाओं में सरकार व विभाग के लापरवाह अधिकारियों के प्रति आक्रोश है।
क्षेत्र के गांवों को जोड़ने वाले तमाम सड़क चौड़ी करने का कार्य जारी है। यह परमिट लाइन है। इस रोड को चौड़ा और मरम्मत करने का ठेका छुटा हुआ है। वन विभाग का कुछ इश्यू बताया जा रहा है, उसे क्लियर होते ही रोड की मरम्मत का काम शुरू हो जाएगा।
लोगों से अपील है कि अपने घरों का गंदा पानी सड़क पर न भरने दें। पंचायत गंदे पानी की निकासी के लिए नाले बनवाए।

