सॉफ्टवेयर इंजीनियर की जिंदगी बचाने के लिए जान पर खेल गया कैब ड्राइवर, पर नहीं बच सकी जान; दर्दनाक था हादसा

गुरुग्राम। गुरुग्राम में दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार रात एक सड़क दुर्घटना में दिल्ली के सॉफ्टवेयर इंजीनियर युवक की मौत हो गई। हालांकि, दुर्घटना के बाद जलती कार में लपटों के बीच बेहोश पड़े युवक को एक कैब चालक ने बहादुरी दिखाते हुए बाहर निकाला और अस्पताल भेजा, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

घटना शुक्रवार रात करीब 12 बजे इफको चौक के पास की है। मृत युवक की पहचान दिल्ली के अशोक नगर के रहने वाले 34 वर्षीय दिव्यांशु कुमार शर्मा के रूप में की गई। वह गुरुग्राम की एसेंचर इंडिया कंपनी में साफ्टवेयर इंजीनियर थे।

बताया जाता है कि वह शुक्रवार रात ऑफिस में गेट-टू-गेदर के बाद कार से घर जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार सियाज कार इफको चौक से आगे अचानक अनियंत्रित हो गई।

बेहोश होने की वजह से सीट पर फंसे रह गए
कार डिवाइडर से कूदकर सर्विस लेन पर आ गई और सर्विस लेन पर खड़े एक ऑटो को टक्कर मारते हुए दीवार से जा टकराई। देखते ही देखते कार में आग लग गई और लपटें उठने लगीं। हादसे में दिव्यांशु गंभीर रूप से घायल हो गए और बेहोश होने की वजह से वह सीट पर ही फंसे रह गए।

घटना के बाद सड़क से गुजर रहे कई वाहन चालक वहां रुक गए और वीडियो बनाने लगे। इस बीच कैब चालक रीतेश फोगाट भी वीडियो बनाने के लिए रुके, लेकिन उन्होंने जब कार में युवक को फंसा देखा तो मोबाइल बंद कर उसे बचाने के लिए आगे आ गए।

इलाज के दौरान तोड़ा दम
एक अन्य बाइक सवार ने भी युवक को बचाने की कोशिश की, लेकिन सीट बेल्ट न खुलने से वह पीछे हट गया। रीतेश ने सीट बेल्ट खोलकर बेहोश पड़े युवक को हाथ पकड़कर कार से बाहर खींच लिया। पुलिस को सूचना देने के साथ ही घायल को मैक्स अस्पताल भेजा गया। इलाज के दौरान दिव्यांशु ने दम तोड़ दिया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top