गर्लफ्रेंड के रूम पर पत्नी का कत्ल, बाथरूम में छिपाई लाश; गुरुग्राम में लव अफेयर में खौफनाक कांड 

 मानेसर। तीन दिनों से घर से लापता 22 वर्षीय महिला का शव रविवार दोपहर मानेसर बस स्टैंड के पास एक बिल्डिंग में किराये के कमरे के बाथरूम में मिला है। शव डिकंपोज हो चुका था।

उसकी मौत कैसे हुई, अभी यह साफ नहीं हो पाया है। महिला के मायकेवालों ने मानेसर थाना पुलिस को शिकायत देकर पति और उसकी प्रेमिका पर हत्या का आरोप लगाया है। दोनों भी दो दिन से फरार चल रहे हैं।

क्या है पूरा मामला?

मृत महिला की पहचान रेवाड़ी के हंसाका गांव निवासी मधु के रूप में की गई। मायकेवालों ने बताया कि मधु की शादी तीन महीने पहले 19 फरवरी को मानेसर गांव निवासी अंकित भगत के साथ की गई थी। शादी में दान-दहेज भी ससुरालवालों के मन मुताबिक दिया गया था। 21 मई को ससुराल के कुछ लोग हंसाका गांव पहुंचे और आरोप लगाया कि मधु घर से रुपये व जेवर लेकर कहीं चली गई है।

आरोप है कि ससुराल के लोगों ने पुलिस को इसकी कोई जानकारी नहीं दी और न ही उसे खोजने में मदद की। 21 मई को ही मायकेवाले मानेसर थाने पहुंचे और मधु की गुमशुदगी दर्ज कराई। परिवारवालों ने बताया कि जब वह मधु को खोज रहे थे, तब कुछ पड़ोसियों ने मधु को अपने पति के साथ स्कूटी पर घर से जाने की जानकारी दी।

डिकंपोज हो चुका था शव

पुलिस ने भी जांच और पूछताछ शुरू की। अगले दिन 22 मई से अंकित भी घर से कहीं लापता हो गया। जांच के दौरान पता चला कि अंकित का किसी अन्य युवती के साथ प्रेम संबंध चल रहा था। जब उस युवती के बारे में पता लगाया गया तब पुलिस रविवार दोपहर उसे खोजते हुए मानेसर बस स्टैंड स्थित उस किराये के रूम पर पहुंची जहां युवती रहा करती थी। कमरा बंद था, लेकिन बदबू आ रही थी।

कमरे का ताला तोड़कर तलाशी ली गई तो बाथरूम में मधु का शव मिला। वह डिकंपोज हो चुका था। उसके कपड़ों से उसकी पहचान की जा सकी।आशंका है कि उसकी गला घोंटकर हत्या की गई और शव को बाथरूम में छोड़ दिया गया। थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

दो साल पहले लिया था किराये का कमरा 

बिल्डिंग के मालिक से पूछताछ में पता चला कि अंकित ने दो साल पहले किराये का कमरा लिया था। यहां एक युवती भी रहा करती थी। सूत्रों के अनुसार 22 मई की रात एक युवक और युवती कमरे से जाते हुए देखे गए। मानेसर थाना पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला की मौत के कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल अंकित की तलाश की जा रही है।रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top