
भटहट (गोरखपुर)। पत्नी के ससुराल न जाने से नाराज युवक मंगलवार की दोपहर कस्बे में स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया। घंटों चले हंगामे के बाद पुलिस, सास और पत्नी के समझाने पर युवक नीचे उतरा। इस दौरान मौके पर भारी भीड़ जुटी रही।
सहजनवा के गहांसाड़ निवासी रियाजुद्दीन का कुछ समय पहले सहजनवा में किराये पर रहने वाली युवती शहनाज से प्रेम संबंध हो गया था। परिवार की असहमति के बावजूद दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली थी। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से शहनाज अपनी मां साजरुन निशा के साथ भटहट कस्बे में अपने ननिहाल में रह रही थी।
मंगलवार को रियाजुद्दीन अपनी मां के साथ पत्नी को मनाने पहुंचा था। काफी देर तक मान-मनौव्वल के बाद भी जब शहनाज पति के साथ जाने को तैयार नहीं हुई तो नाराज रियाजुद्दीन कस्बे में स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक के टावर पर चढ़ते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी मदन मोहन मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने युवक को नीचे उतारने की कोशिश की, लेकिन वह मानने को तैयार नहीं था। इसके बाद उसकी पत्नी और सास को बुलाया गया। पत्नी शहनाज ने हैंड माइक से पति के सभी गिले-शिकवे दूर करने और उसकी बातें मानने का भरोसा दिलाया।
पत्नी के आश्वासन के बाद रियाजुद्दीन टावर से नीचे उतर आया। नीचे उतरते ही पुलिस दोनों पक्षों को गुलरिहा थाने ले गई। चौकी प्रभारी मदन मोहन मिश्रा ने बताया कि युवक सुरक्षित नीचे उतर आया है। दोनों पक्षों से बातचीत कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। घटना के दौरान एक और दिलचस्प मामला सामने आया।
मोहम्मद बरवां निवासी अर्जुन निषाद युवक के टावर पर चढ़ने और उतरने का वीडियो बना रहा था। इसी दौरान शहनाज को गुस्सा आ गया। उसने युवक का मोबाइल छीनकर फोरलेन सड़क पर पटक दिया, जिससे मोबाइल टूट गया। पत्नी का रौद्र रूप देखकर मौके पर वीडियो बना रहे अन्य लोग भी चुपचाप अपने मोबाइल जेब में रखकर खिसक गए।

