
महम। वार्ड नंबर-7 में बिजली के पोल पर नेट और केबल आपरेटरों के तारों के जाल ने बुधवार रात बड़ा खतरा पैदा कर दिया। अचानक पोल पर लगे तारों में आग लग गई, जिसके बाद आग ने पास लगे बिजली मीटरों को भी अपनी चपेट में ले लिया।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद स्थानीय लोगों ने मिलकर आग पर काबू पाया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बिजली के पोल पर बिजली लाइनों के साथ इंटरनेट और केबल आपरेटरों के दर्जनों तार लटके हुए थे।
भीषण गर्मी के चलते तारों में स्पार्किंग हुई और देखते ही देखते आग फैल गई। आग लगने से पोल पर लगे करीब आठ बिजली मीटर प्रभावित हुए। कुछ मीटर पूरी तरह जल गए, जबकि कई मीटरों के बाक्स और वायरिंग क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के कारण इलाके की बिजली आपूर्ति भी बाधित रही, जिससे लोगों को पूरी रात परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय निवासियों ने क्या बताया?
स्थानीय निवासियों ने बताया कि उन्होंने पहले भी कई बार बिजली विभाग को पोलों पर लटक रहे अतिरिक्त केबलों की शिकायत दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का कहना है कि बिजली के पोलों पर केवल बिजली विभाग के तार होने चाहिए।
निजी केबल और इंटरनेट कंपनियों के तारों के कारण हादसों का खतरा लगातार बढ़ रहा है। गर्मी के मौसम में स्पार्किंग आम बात है और ऐसे में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। घटना के बाद बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ी।
बिजली बंद रहने से लोग रातभर गर्मी में परेशान रहे। शहरवासियों ने मांग की है कि बिजली विभाग तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी पोलों से अतिरिक्त केबल हटवाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।
बिजली के पोलों से हटाए जाएंगे अन्य केबल के तार
इस मामले में बिजली विभाग के एसडीओ संजीव मुदगिल ने कहा कि कर्मचारियों को निर्देश दे दिए गए हैं कि बिजली के पोलों पर लगी गैर जरूरी केबलों को तुरंत हटाया जाए। उन्होंने बताया कि आग की घटना में करीब आठ मीटर प्रभावित हुए हैं।
कुछ मीटरों के केवल बाक्स जले हैं, जबकि मीटर सुरक्षित हैं। विभाग जल्द ही नए मीटर लगाकर बिजली व्यवस्था सामान्य करेगा। एसडीओ ने लोगों से अपील की कि यदि कोई व्यक्ति बिजली के पोलों पर अवैध रूप से केबल डालता है तो इसकी तुरंत शिकायत विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

