285 करोड़ की हेरोइन तस्करी का मुख्य आरोपित गुरप्रीत रोहतक से गिरफ्तार, एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई

गुरुग्राम। नवंबर 2025 और मई 2026 दो बार में 285 करोड़ रुपये की हेरोइन तस्करी के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपित गुरप्रीत को आखिरकार एसटीएफ ने गिरफ्तार कर लिया। टीम ने इसे रोहतक से शनिवार को पकड़ा। इसे भिवानी कोर्ट में पेश कर चार दिन के रिमांड पर लिया गया है। फिलहाल इससे गिरोह में शामिल अन्य आरोपितों के बारे में जानकारी ली जा रही है।

एसटीएफ गुरुग्राम ने बताया कि एसआइ विवेक कुमार के नेतृत्व में टीम ने 21 मई को भिवानी क्षेत्र से 8.940 किलोग्राम हेरोइन बरामद कर एक आरोपित रोहित को पकड़ा था। भिवानी से पकड़ी गई हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 35 करोड़ थी।

आरोपित रोहित ने पूछताछ में बताया था कि उसका बड़ा भाई हिसार के पिरावाली निवासी गुरुप्रीत अपने साथी राजेंद्र के साथ मिलकर नशा तस्करी का गिरोह चलाता है। राजेंद्र लुधियाना के कुल गेहणा गांव का रहने वाला है। इन दोनों आरोपितों का नाम 21 नवंबर 2025 को भी पंजाब के एसएएस नगर में 50 किलो हेरोइन तस्करी मामले में आया था।

पुलिस ने उस दौरान इस हेरोइन की खेप पकड़ी थी। उसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 250 करोड़ थी। मुख्य आरोपित की धरपकड़ के लिए टीम हरियाणा के साथ पंजाब में भी छापेमारी कर रही थी। बीते दिनों आरोपित के रोहतक में होने की सूचना मुखबिर से मिली थी।

इसके बाद वहां छापेमारी कर गुरप्रीत को पकड़ लिया गया। गुरप्रीत से पूछताछ व ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर हेरोइन तस्करी से संबंधित हरियाणा व पंजाब राज्य में अन्य आरोपितों की पहचान की गई है। एसटीएफ के अनुसार जल्द ही इन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top