
गुरुग्राम। हरियाणा सरकार ने प्रशासनिक कार्यों को अधिक प्रभावी और नागरिक-केंद्रित बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए ‘हरियाणा AI सैंडबॉक्स पोर्टल’ लॉन्च किया है।
सेक्टर-29 स्थित ताज सिटी सेंटर होटल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पोर्टल का शुभारंभ किया। इस अवसर पर प्रदेश के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) विकास का नया इंजन बनकर उभरा है और विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका होगी। AI के माध्यम से सरकार नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने में सक्षम होगी।
क्या है हरियाणा AI सैंडबॉक्स पोर्टल?
हरियाणा AI सैंडबॉक्स पोर्टल का उद्देश्य राज्य की प्रमुख जनसमस्याओं की पहचान कर उनके समाधान की प्रक्रिया को तेज और प्रभावी बनाना है। इस प्लेटफॉर्म को राज्य सरकार के विभिन्न विभागों से जोड़ा जाएगा।
किसी भी विभाग से संबंधित शिकायत प्राप्त होने पर AI आधारित प्रणाली उसका विश्लेषण करेगी और संबंधित अधिकारी को समस्या के समाधान के लिए दो से तीन व्यवहारिक सुझाव उपलब्ध कराएगी। इससे निर्णय लेने की प्रक्रिया तेज होगी और नागरिकों को समयबद्ध राहत मिलने की संभावना बढ़ेगी।
पहले चरण में पांच प्रमुख समस्याओं पर फोकस
मुख्यमंत्री ने बताया कि परियोजना के पहले चरण में पांच प्रमुख समस्याओं को शामिल किया गया है। इस प्रणाली को इस तरह विकसित किया गया है कि यह नागरिकों की शिकायतों को समझ सके और संबंधित विभागों को कार्रवाई के लिए सुझाव दे सके।
सड़कों की मरम्मत, पेयजल आपूर्ति जैसी समस्याओं पर भी AI आधारित सिस्टम अलर्ट जारी करेगा और समाधान के लिए आवश्यक सुझाव देगा। इससे प्रशासन को समस्याओं का पूर्वानुमान लगाने और समय रहते कार्रवाई करने में मदद मिलेगी।
अधिक संवेदनशील और जवाबदेह बनने की कवायद
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य ऐसी व्यवस्था विकसित करना है जो लोगों की बात सुनने वाली और त्वरित प्रतिक्रिया देने वाली हो। तकनीक का बेहतर उपयोग समय की आवश्यकता है और हरियाणा सरकार AI का प्रभावी उपयोग कर रही है।
उन्होंने कहा कि AI अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। साथ ही यह भी बताएगा कि आम नागरिकों को किन क्षेत्रों में सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
गुरुग्राम और पंचकूला बनेंगे AI हब
नायब सिंह सैनी ने घोषणा की कि गुरुग्राम और पंचकूला को AI हब के तौर स्थापित किया जाए। इस दिशा में तेजी से कार्य चल रहा है। आने वाले समय में राज्य के सभी विभाग इस प्लेटफॉर्म से जुड़ेंगे और AI आधारित समाधान प्रशासनिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा बनेंगे।
स्टार्टअप्स और युवाओं के लिए अवसर
मुख्यमंत्री ने स्टार्टअप्स से अपील की कि वे ऐसी AI तकनीक विकसित करें जो शासन और प्रशासन को अधिक प्रभावी बनाने में मदद करे। हरियाणा सरकार युवाओं को केवल नौकरी खोजने वाला नहीं बल्कि रोजगार देने वाला बनाने की दिशा में काम कर रही है।
हरियाणा में होगी AI Summit
मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि आने वाले दिनों में हरियाणा में AI Summit का आयोजन किया जाएगा। इस सम्मेलन का उद्देश्य AI क्षेत्र में नवाचार, निवेश और स्टार्टअप इकोसिस्टम को बढ़ावा देना होगा।

