
फरुखनगर। फरुखनगर-झज्जर रोड पर सोमवार सुबह उस समय अफरातफरी मच गई, जब पेट्रोल पंप के सामने दो बसें आपस में भिड़ गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बसों में सवार कई यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और यातायात भी कुछ समय के लिए प्रभावित रहा।
लोगों के अनुसार सुबह के समय दोनों बसें झज्जर रोड से गुजर रही थीं। इसी दौरान पेट्रोल पंप के निकट एक बस पंप की तरफ से अचानक आ गई और दूसरी बस फरुखनगर की तरफ से सवारियों को ले जा रही थी तभी दोनों बसों की आमने-सामने टक्कर हो गई। दुर्घटना में आधा दर्जन से ज्यादा यात्रियों को चोटें आईं।
स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को बसों से बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई। घायलों को उपचार के लिए फरुखनगर के सरकारी अस्पताल और गुरुग्राम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
चिकित्सकों के अनुसार अधिकांश घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर जाम जैसी स्थिति बन गई, जिसे पुलिस ने यातायात को सुचारू कर नियंत्रित किया। गनीमत रही कि दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर दोनों बसों को सड़क से हटवाया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में लापरवाही अथवा तेज गति को हादसे का कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

