गुरुग्राम में स्कूलों को फिर धमकी भरा ई-मेल, पाथवे वर्ल्ड स्कूल कराया खाली; बम स्क्वॉड ने चलाया सर्च ऑपरेशन

 गुरुग्राम गुरुग्राम के निजी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। एक बार फिर शहर के एक बड़े निजी स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी भरी ई-मेल भेजी गई।

सुबह स्कूल खुलने पर जब यह ई-मेल मिला तो पुलिस को सूचना दी गई। साथ ही बच्चों की छुट्टी कर दी गई। थाना पुलिस, डाॅग स्क्वाॅड और बम निरोधक दस्ते ने अभियान चलाया। हालांकि, कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।

रात डेढ़ बजे भेजा गया धमकी वाला ईमेल

पुलिस के अनुसार डीएलएफ फेस एक थाना क्षेत्र के बलियावास स्थित पाथवे वर्ल्ड स्कूल में यह धमकी भरी ई-मेल रात डेढ़ बजे भेजी गई। सुबह जब स्कूल प्रबंधन ने मेल पर यह देखा तो सूचना दी गई। बम निराेधक दस्ता व डाग स्क्वायड की टीम ने पूरे कैंपस, क्लासरूम, लाइब्रेरी और अन्य जगहों पर तलाशी ली।

स्कूल की छुट्टी कर पैरेंट़्स को दी गई जानकारी 

सुबह 11 बजे ही सभी बच्चों के अभिभावकों को मैसेज कर जल्दी छुट्टी होने की जानकारी दी गई। इस पर परिवारवाले बच्चों को लेकर घर चले गए। साथ ही कई बच्चों को स्कूल वाहन से घर छोड़ा गया।

डीएलएफ फेस एक थाना पुलिस ने बताया कि करीब एक घंटे तक चले तलाशी अभियान में कहीं से भी कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। किसी ने भय फैलाने के लिए इस तरह की मेल भेजी। धमकी भरे ई-मेल की जांच की जा रही है। यह मेल कहां से आई, इसका पता लगाने के लिए साइबर सेल भी सक्रिय हो गई है।

बीते दो महीनों में छह से ज्यादा बार धमकी भरे ई-मेल भेजे गए

पिछले कुछ महीनों में गुरुग्राम समेत एनसीआर के बड़ी संख्या में निजी स्कूलों को इसी तरह के बम से उड़ाने के धमकी भरे ई-मेल भेजे जा चुके हैं। हालांकि, बाद में सभी फर्जी साबित हुए।

बीते सप्ताह स्कूलों को धमकी भरे ई-मेल भेजने के मामले में एक आरोपित बांग्लादेशी मूल के सौरभ विश्वास को अहमदाबाद से पकड़ा भी गया था। उसने बांग्लादेश के अपने साथी मामुनूर राशिद को 300 मेल आइडी उपलब्ध कराई थी। उसे इसके लिए ढाई सौ यूएस डालर मिले थे।

साइबर पुलिस ने बताया था कि इन्हीं मेल का इस्तेमाल स्कूलों को धमकी भरे मेल भेजने के लिए किया गया। हालांकि, एक बार फिर से धमकी आने पर स्कूल प्रबंधनों और पुलिस के माथे पर चिंता की लकीरें खिंच गई हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top