साइबर ठगी का नेटवर्क बेनकाब, महाराष्ट्र पुलिस ने धनबाद से दो को दबोचा

धनबाद। साइबर ठगी के एक मामले में महाराष्ट्र के पालघर थाना की पुलिस बुधवार को धनबाद पहुंची। यहां सरायढेला थाना की पुलिस के सहयोग से टीम ने दो युवकों को गिरफ्तार कर अपने साथ महाराष्ट्र ले गई।

गिरफ्तार युवकों की पहचान गोविंदपुर के गोसाईडीह निवासी राजू रवानी और मनोरम नगर निवासी बलवंत कुमार के रूप में हुई है। दोनों को सरायढेला स्थित जिमखाना के पास से पकड़ा गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, साइबर ठगी से जुड़े मामले की जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दोनों युवकों की संलिप्तता सामने आई थी।

जांच में यह भी पता चला कि ठगी की रकम इनके बैंक खातों में ट्रांसफर की गई थी। इसी आधार पर महाराष्ट्र पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार किया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद महाराष्ट्र पुलिस दोनों आरोपितों को अपने साथ पालघर ले गई। वहां उनसे मामले में पूछताछ की जाएगी।

पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ से साइबर ठगी नेटवर्क और धन के लेन-देन से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top