
गुरुग्राम। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर दैनिक जागरण की ओर से न्यू कॉलोनी स्थित जितेंद्र पार्क में विशेष पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय विधायक मुकेश शर्मा और पर्यावरणविद् डॉ. आरपी बलवान ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ताओं, पर्यावरण प्रेमियों और स्थानीय लोगों ने भी भाग लिया।
विधायक मुकेश शर्मा ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और घटते हरित क्षेत्र को देखते हुए प्रत्येक व्यक्ति को पौधारोपण के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने लोगों से पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी देखभाल का भी संकल्प लेने का आह्वान किया।
पर्यावरणविद् डॉ. आरपी बलवान ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है। उन्होंने जल, जंगल और जमीन के संरक्षण की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

