
गुरुग्राम। गुरुग्राम में सेक्टर-23 में रह रहे पूर्व सैन्य अधिकारी कर्नल सीएल जैन के घर हुई सनसनीखेज लूट की वारदात के 3 दिन बाद भी पुलिस बदमाशों तक नहीं पहुंच पाई है।
इस मामले के खुलासे के लिए क्राइम ब्रांच की चार टीमें लगातार काम कर रही हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है। हालांकि, पुलिस का दावा है कि जल्द ही बदमाश गिरफ्त में होंगे।
परिवार को बना लिया था बंधक
बता दें कि 4 जून की भोर में चार नकाबपोश बदमाशों ने कर्नल जैन के घर में घुसकर परिवार को बंधक बना लिया था। करीब आधे घंटे तक घर खंगालने के बाद बदमाश लाखों रुपये के हीरे और सोने के जेवर लूटकर फरार हो गए थे। वारदात थाना और एसीपी कार्यालय से कुछ ही दूरी पर हुई थी, जिसके चलते लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बनी हुई है।
जांच में जुटी क्राइम ब्रांच की टीमें घटनास्थल के आसपास और संभावित भागने के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन से जुड़े तथ्यों की भी पड़ताल कर रही है।
सूत्रों के अनुसार, घर की गतिविधियों और बनावट की जानकारी रखने वाले लोगों पर भी फोकस किया जा रहा है। इसी कड़ी में घर पर पहले काम कर चुकी कुछ घरेलू सहायिकाओं से पूछताछ की गई है।
फोरेंसिक जांच भी की जा रही
पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि कहीं बदमाशों को घर के अंदरूनी ढांचे और परिवार की दिनचर्या की जानकारी पहले से तो नहीं थी। घटनास्थल से मिले कपड़े सहित अन्य साक्ष्यों की फोरेंसिक जांच भी कराई जा रही है।
पुलिस पीआरओ संदीप कुमार का कहना है कि जांच कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर आगे बढ़ रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
पुलिस आयुक्त से मिलेंगे पूर्व सैन्य अधिकारी
सेक्टर-23 की वारदात से पूर्व सैन्य अधिकारियों में काफी रोष है। पूर्व सैन्य अधिकारी मेजर जनरल डा. रणजीत सिंह का कहना है कि पालम विहार इलाके में ही थाना है, एसीपी कार्यालय है। इसके बाद भी बदमाशों ने ग्रिल काटकर वारदात को अंजाम दे दिया। इससे साफ लग रहा है कि बदमाश बेखौफ हैं। पुलिस को इलाके में सक्रियता बढ़ानी चाहिए।
पालम विहार इलाके में काफी संख्या में पूर्व सैन्य अधिकारी ही नहीं बल्कि वर्तमान में कार्यरत अधिकारी भी रहते हैं। ऐसे में पुलिस को इलाके के प्रति काफी गंभीरता दिखानी चाहिए। जल्द ही वे लोग इस बारे में पुुलिस आयुक्त से मुलाकात करेंगे। काफी पूर्व अधिकारी अकेले ही रहते हैं। उनके बच्चे बाहर रहते हैं।

