खुली छतें और आर्थिक लाभ, शहरी फ्लैटों के मुकाबले ग्रामीणों में क्यों बढ़ रहा है सोलर पैनल का रुझान?

बादशाहपुर। बढ़ती बिजली जरूरतों और ऊर्जा बचत के प्रति जागरूकता के बीच सौर ऊर्जा के प्रति उपभोक्ताओं का रुझान लगातार बढ़ रहा है। इसमें शहरी उपभोक्ताओं के मुकाबले ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ताओं में सौर ऊर्जा कनेक्शन को लेकर ज्यादा रुचि दिख रही है। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के सर्कल-वन में मई माह के दौरान पूरे सर्कल में आधे से अधिक कनेक्शन प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के तहत पटौदी डिवीजन में हुए।

मई माह में सर्कल-वन में कुल 4478 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 3985 उपभोक्ताओं ने अधिकृत विक्रेताओं का चयन कर लिया। 2871 स्थानों पर सोलर सिस्टम का इंस्टालेशन पूरा किया गया। 2798 उपभोक्ताओं को सौर ऊर्जा कनेक्शन दिए। पटौदी डिवीजन ने अकेले 1353 सौर ऊर्जा कनेक्शन जारी किए गए। जो पूरे सर्कल में सबसे ज्यादा हैं। पटौदी डिवीजन में पटौदी, भोड़ाकलां, हेलीमंडी और फरुखनगर चार सबडिवीजन है। चारों सबडिवीजन ग्रामीण क्षेत्र के है।

ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक रुचि के कारण

पटौदी क्षेत्र में सौर ऊर्जा कनेक्शन अधिक होने के पीछे कई कारण सामने आए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में लोग शहरी उपभोक्ताओं की तुलना में सोलर सिस्टम अपनाने में अधिक रुचि दिखा रहे हैं। इसका एक प्रमुख कारण यह है कि यहां अधिकतर उपभोक्ताओं के पास 2 या 3 किलोवाट के बिजली कनेक्शन हैं। जिनके लिए सोलर सिस्टम आर्थिक रूप से अधिक उपयुक्त साबित हो रहा है।

इसके अलावा ग्रामीण इलाकों में घरों की छतों और खुले स्थानों की उपलब्धता अधिक है। जिससे सोलर पैनल लगाने में कोई बाधा नहीं आती। वहीं शहरों में फ्लैटों और सोसाइटी सिस्टम के कारण छत की उपलब्धता सीमित रहती है।

केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं तथा सब्सिडी का लाभ मिलने से उपभोक्ताओं का उत्साह बढ़ा है। प्रबंधक निदेशक विक्रम सिंह के निर्देश पर निगम द्वारा समय-समय पर शिविर, जागरूकता कार्यक्रम और उपभोक्ता संपर्क अभियान चलाकर लोगों को सौर ऊर्जा के लाभों की जानकारी दी जा रही है।

-श्यामबीर सैनी, अधीक्षण अभियंता, सर्कल-वन, दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top