पलक झपकते ही उड़ा देते थे कार, गुरुग्राम में गिरोह का पर्दाफाश; पुलिस के हत्थे चढ़े तीन शातिर बदमाश

गुरुग्राम। गुरुग्राम में वाहन चोरी के लिए लगातार नए तरीके अपनाने वाले शातिर चोरों के एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए अपराध शाखा सेक्टर-17 ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

आरोपितों ने पहले इलेक्ट्रानिक डिवाइस से कार का लाक सिस्टम हैक करने की कोशिश की, लेकिन नाकाम रहने पर ड्रिल मशीन और टो करके कार चोरी कर ली।

पुलिस के अनुसार सेक्टर-38 स्थित एक पीजी से 21-22 मई की रात चोरी हुई स्विफ्ट कार के मामले की जांच के दौरान राजस्थान के डीग जिले के सीकरी निवासी सुखजीवन उर्फ सुक्खी, अलवर निवासी गुरदास और परगट सिंह उर्फ मंगा को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में आरोपितों ने खुलासा किया कि उन्होंने पहले इलेक्ट्रानिक डिवाइस के माध्यम से कार का लाक खोलने का प्रयास किया था। जब यह तरीका काम नहीं आया तो कार की खिड़की तोड़कर ड्रिल मशीन से हैंडल अनलॉक किया और फिर दूसरी कार से टो करके वाहन चोरी कर लिया।

कार, इलेक्ट्रानिक डिवाइस, ड्रिल मशीन और टूल किट बरामद
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपित केवल एक वारदात तक सीमित नहीं थे। पुलिस पूछताछ में उन्होंने गुरुग्राम में कार चोरी की चार अन्य घटनाओं में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चोरी की गई कार, इलेक्ट्रानिक डिवाइस, ड्रिल मशीन और टूल किट बरामद की है।

सुखजीवन पर तीन राज्यों में दर्ज हैं मुकदमें
मुख्य आरोपित सुखजीवन का आपराधिक रिकार्ड भी लंबा है। उसके खिलाफ हरियाणा, राजस्थान और दिल्ली में चोरी, धोखाधड़ी, आबकारी अधिनियम और शस्त्र अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं के तहत 15 मामले दर्ज हैं।

वहीं, एक अन्य आरोपित गुरदास के खिलाफ राजस्थान में पाक्सो एक्ट का मामला भी दर्ज है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top