मानेसर में कैसे होगी सफाई, 578 में से 210 सफाईकर्मी गैर हाजिर; एजेंसी को नोटिस जारी

मानेसर। मानेसर नगर निगम सफाई व्यवस्था को लेकर लगातार चर्चित रहा है। सफाई के नाम पर करोड़ों रुपये के घोटालों के आरोपों के बीच नया मामला सामने आया है। नगर निगम द्वारा कराए जा रहे रोड स्वीपिंग के कार्य में 578 कर्मचारियों में 210 सफाईकर्मी ड्यूटी से गैर हाजिर मिले हैं।

इसको लेकर नगर निगम के स्वच्छता अधिकारी द्वारा एजेंसी को नोटिस दिया गया है। नगर निगम द्वारा रोड स्वीपिंग का कार्य छह महीने के पेस्टटेक कंप्लीट सोलुशन नामक एजेंसी को सौंपा है। इसके लिए नगर निगम करीब साढ़े पांच करोड़ रुपये खर्च करेगा।

एजेंसी के ऊपर लगातार कम सफाईकर्मी लगाने का आरोप लगाया जा रहा है। इसको देखते हुए नगर निगम की सेनिटेशन शाखा द्वारा सफाईकर्मियों की चेकिंग की गई थी। इसमें केवल 368 सफाईकर्मी कार्य करते मिले। ऐसे में सफाई व्यवस्था पर सवालिया निशान उठ रहा है। नगर निगम क्षेत्र में एजेंसियों द्वारा सफाई के नाम पर खेलती रही हैं। लगातार आरोप लगते रहे हैं।

जगह-जगह लगे हुए हैं कूड़े के ढेर

मानेसर नगर निगम क्षेत्र में सफाई व्यवस्था पूरी तरह फैल हो रही है। क्षेत्र में सफाई के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च करने के बाद भी कूड़ा काबू नहीं हो पाया है। लिगेसी वेस्ट के निपटान को लेकर भी नगर निगम द्वारा करोड़ों रुपये खर्च किए जा चुके हैं।

रोड स्वीपिंग और डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन का वर्क आर्डर जारी होने के बाद भी कूड़ा फैला रहता है। नगर निगम क्षेत्र में रोजाना कूड़ा भी जलाया जा रहा है। इसको लेकर भी कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। कूड़े को जलाने वालों पर नगर निगम और हरियाणा स्टेट प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा कार्रवाई की जाती है।

पहले भी लगते रहे हैं आरोप

नगर निगम मानेसर क्षेत्र में सफाई के नाम पर बड़ा खेल पहले भी होता रहा है। पेस्टटेक एजेंसी से पहले कार्य करने वाली महिला आदर्श एजेंसी के ऊपर भी कम मैनपावर देने के आरोप लगे थे। इससे पहले आकांक्षा एंटरप्राइजेज एजेंसी पर भी कम मैनपावर देने के आरोप लगे थे।

नगर निगम के अधिकारियों की कार्यशैली पर यह सवाल उठता है कि क्या नियमित रूप से सफाईकर्मियों की हाजिरी नहीं होती है। नगर निगम के एएसआई लगातार फील्ड में कार्य करने के बाद भी ऐसी स्थिति है। नगर निगम के संयुक्त आयुक्त पुनीत कुमार का कहना है कि एजेंसी पर नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी और जो सफाईकर्मी मौके पर मिले हैं उन्हें ही सैलरी दी जाएगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top