
गुरुग्राम। डिलीवरी देकर जेप्टो कंपनी जा रहे स्कूटी सवार व्यक्ति को पीछे से तेज रफ्तार में आए डंपर ने रौंद दिया। हादसे में उसकी मौत हो गई। घटना सेक्टर 67 में उल्लावास से बादशाहपुर जाने वाली सड़क पर शनिवार रात साढ़े दस बजे की है। सेक्टर 65 थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दूसरी ओर रविवार शाम डिलीवरी ब्वाय की मौत पर परिवारवालों को 10 लाख रुपये के मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव घर ले जाने के बजाय परिवार के लोग एंबुलेंस से जेप्टो कंपनी के बाहर लेकर पहुंच गए। यहां एंबुलेंस में शव रखकर कंपनी के बाहर प्रदर्शन किया। करीब सौ से ज्यादा डिलीवरी ब्वाय मौके पर मौजूद हैं।
परिवार का कहना है कि डिलीवरी ब्वाय की मौत होने पर अंतिम संस्कार के लिए फौरी तौर पर 50 हजार रुपये का मुआवजा दिया जाता है, लेकिन कंपनी ने वह भी अभी तक नहीं दिया।
सेक्टर 65 में परिवार के साथ रहते थे धर्मपाल सिंह
मृतक की पहचान मूल रूप से आगरा जिले के रिठौरी गांव के रहने वाले 40 वर्षीय धर्मपाल सिंह के रूप में की गई। मामले में इनके भाई जितेंद्र सिंह ने केस दर्ज कराया। जितेंद्र के मुताबिक धर्मपाल कई सालों से परिवार समेत सेक्टर 65 में किराये से रहकर डिलीवरी ब्वाय का काम करते थे। शनिवार रात भी वह सेक्टर 67 में डिलीवरी देने गए थे।
जब वह स्कूटी से वापस जेप्टो कंपनी जा रहे थे तो रास्ते में बादशाहपुर रोड पर कोसमोस कंपनी के सामने यह हादसा हुआ। तेज रफ्तार डंपर ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। इसके बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। आसपास के लोग उन्हें सिविल अस्पताल ले गए। यहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सेक्टर 65 थाना पुलिस के मुताबिक घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। रविवार को शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन को सौंप दिया गया। जल्द ही आरोपित की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा।

