
गुरुग्राम। गुरुग्राम में क्राइम ब्रांच सेक्टर-39 की टीम ने सिकंदरपुर स्थित इंडियन आयल पेट्रोल पंप के पास से एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एमडीएमए और कोकीन बरामद की है।
आरोपी के खिलाफ डीएलएफ फेज-1 थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नूंह जिले के गांव बैंसी निवासी 33 वर्षीय तौफीक के रूप में हुई।
पुलिस को सूचना मिली थी कि सिकंदरपुर क्षेत्र में एक युवक नशीले पदार्थों की सप्लाई के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाकर उसे दबोच लिया।
70 हजार रुपये में खरीदकर लाया
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 14.67 ग्राम एमडीएमए और 6.27 ग्राम कोकीन बरामद हुई। पुलिस के अनुसार बरामद मादक पदार्थों की कीमत बाजार में लाखों रुपये आंकी जा रही है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह यह खेप दिल्ली के एक सप्लायर से करीब 70 हजार रुपये में खरीदकर लाया था।
आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि वह पहले भी ड्रग्स की खरीद-फरोख्त कर चुका है। उसका इरादा नशीले पदार्थों को छोटी-छोटी डोज में तैयार कर ग्राहकों को ऊंचे दामों पर बेचने का था।
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि आरोपी से विभिन्न पहलुओं पर पूछताछ चल रही है। पूरे मामले की गहनता से जांच चल रही है।

