गुरुग्राम के पटौदी में नशा तस्कर के अवैध मकान पर चला बुल्डोजर, पुलिस का अभियान जारी

पटौदी (गुरुग्राम)। गुरुग्राम पुलिस का नशा तस्करों, भूमि माफिया और आदतन अपराधियों के विरुद्ध चलाया जा रहा अभियान जारी है। बुधवार को पटौदी के व्यापारी मोहल्ला में एक आरोपित द्वारा किए गए अवैध निर्माण को पुलिस टीम के साथ मिलकर जिला नगर योजनाकार (प्रवर्तन) के नोडल अधिकारी आरएस बाठ की टीम ने ध्वस्त कर दिया। लगभग 120 वर्ग गज भूमि पर बने एक मंजिला मकान को बुल्डोजर की सहायता से ढहा दिया गया।

नोडल अधिकारी आर एस बाठ ने बताया कि यह कार्रवाई व्यापारी मोहल्ला पटौदी निवासी शोएब उर्फ सिक्कू के विरुद्ध की गई। आरोपित पर एनडीपीएस अधिनियम, जुआ अधिनियम, आर्म्स एक्ट, मारपीट, दंगा, तोड़फोड़, एससी-एसटी एक्ट तथा रंगदारी और धमकी जैसे गंभीर मामलों के कुल 13 अभियोग दर्ज हैं।

इनमें चार मामले मादक पदार्थ तस्करी से संबंधित हैं। पुलिस के अनुसार जांच में सामने आया था कि आरोपित ने वार्ड संख्या-11 स्थित व्यापारी मोहल्ला में अवैध रूप से एक मंजिला मकान का निर्माण कर रखा था।

प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद अपराध शाखा फरुखनगर, थाना पटौदी पुलिस और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने निर्माण को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top