गुरुग्राम में दिखा रफ्तार का कहर, बाइक सवार इंजीनियर को स्कॉर्पियो ने रौंदा; CCTV से तलाश जारी

 गुरुग्राम। शहर में एक बार फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला है। शनिवार रात तेज रफ्तार स्काॅर्पियो गाड़ी ने ओल्ड दिल्ली रोड पर बैंक मार्केट के पास बाइक से जा रहे इंजीनियर युवक को टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद गाड़ी को छोड़कर उसमें सवार लोग वहां से फरार हो गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन को सौंपकर जांच कर दी है।

मृतक की पहचान लखीमपुर जिले के करनपुर गांव निवासी 24 वर्षीय योगेंद्र मिश्रा के रूप में की गई। उनके पिता सुरेंद्र चंद्र मिश्रा ने सेक्टर 14 थाने में स्काॅर्पियो चालक के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने का केस दर्ज कराया।

पिता ने बताया कि योगेंद्र उनके सबसे छोटे बेटे थे। उनकी तीन और बेटियां हैं। योगेंद्र करीब तीन साल से गुरुग्राम में रहकर निजी कंपनी में काम कर रहे थे। उन्होंने इसी वर्ष फरवरी में बीटेक से मैकेनिकल इंजीनियरिंग की थी।

पढ़ाई पूरी करने के बाद वह सेक्टर 18 उद्योग विहार स्थित मुंजालसोआ कंपनी में असिस्टेंट इंजीनियर के रूप में काम कर रहे थे। शनिवार रात करीब 12 बजे वह ड्यूटी समाप्त कर बाइक से कमरे पर जा रहे थे।

जैसे ही वह ओल्ड दिल्ली रोड पर बैंक मार्केट के पास पहुंचे, पीछे से तेज रफ्तार में आई स्कॉर्पियो गाड़ी ने बाइक को टक्कर मार दी। आसपास के लोग उन्हें कल्याणी अस्पताल ले गए। जहां डाॅक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सेक्टर 14 थाना पुलिस ने घटनास्थल से स्काॅर्पियो गाड़ी जब्त कर ली। थाना पुलिस ने बताया कि घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली जा रही है। गाड़ी गुरुग्राम में रजिस्टर्ड है। नंबर के आधार पर जल्द ही आरोपितों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top