
गुरुग्राम। गुरुग्राम में लगातार हो रही और आगामी भारी वर्षा के कारण शहर की मुख्य सड़कों और चौराहों पर जलभराव व भीषण जाम की संभावना को देखते हुए गुरुग्राम पुलिस ने मंगलवार रात एक एडवाइजरी जारी की है।
पुलिस ने कॉर्पोरेट क्षेत्र और निजी प्रतिष्ठानों से अपील की है कि वे अगले कुछ दिनों के लिए अपने कर्मचारियों को वर्क फ्राम होम की सुविधा दें। पुलिस का कहना है कि इससे अनावश्यक वाहनों की आवाजाही कम होगी और ट्रैफिक प्रबंधन दलों को जाम हटाने में मदद मिलेगी।
सड़कों पर भीड़ से बचने की सलाह
गुरुग्राम पुलिस ने जारी एडवाइजरी में कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना, सड़क पर ट्रैफिक का दबाव कम करना और स्थानीय प्रशासन की मदद करना इस सलाह का मुख्य उद्देश्य है। भारी वर्षा में सड़कों पर अतिरिक्त भीड़ से बचने और आपातकालीन सेवाओं को निर्बाध रखने के लिए यह कदम जरूरी है।
पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे बिना काम के घर से न निकलें और मौसम विभाग की गाइडलाइन का पालन करें।

