गुरुग्राम में लाइसेंसी रिवॉल्वर से दोस्त की हत्या का आरोप, अस्पताल में शव छोड़कर हुए फरार; जा रहे थे पार्टी करने

गुरुग्राम। सेक्टर 65 थाना क्षेत्र के बहरामपुर गांव में बुधवार शाम एक युवक ने पिता की लाइसेंसी रिवाॅल्वर से दोस्त की कनपटी पर गोली मारकर हत्या कर दी। हालांकि, घटना के बाद आरोपित युवक और उसके परिवारवाले घायल को मेरिंगो एशिया अस्पताल ले गए। जहां मौत होने पर शव को अस्पताल में ही छोड़कर सभी फरार हो गए। परिवार की शिकायत पर थाना पुलिस ने आरोपित के खिलाफ हत्या की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।

कार से निकले थे पार्टी करने

मृतक की पहचान से दिल्ली के बदरपुर निवासी 27 वर्षीय आकाश नागर के रूप में की गई। वह पांच साल से गुरुग्राम के मैदावास गांव में अपने जीजा मोहित के साथ रह रहा था। वह कंपनियों में डीजल सप्लाई का काम करता था।

मोहित ने पुलिस को बताया कि आकाश का एक दोस्त लकी बहरामपुर गांव में रहता है। लकी के बुलाने पर आकाश बुधवार शाम उसके घर गए थे। जहां से दोनों पार्टी करने के लिए स्विफ्ट कार से निकले थे। गांव से कुछ दूर पर ही स्विफ्ट कार में आरोपित ने पिता की रिवाॅल्वर से आकाश को गोली मार दी।

प्राॅपर्टी डीलिंग का काम करता है कुलबीर 

इससे वह घायल हो गए। बताया जाता है कि घटना के बाद आरोपित, उसके पिता व अन्य लोग घायल को अस्पताल ले गए। जहां जांच के बाद डाॅक्टरों ने आकाश को मृत घोषित कर दिया और पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस के अस्पताल पहुंचने से पहले ही आरोपित लकी, उसके पिता कुलबीर और भाई शव को अस्पताल में छोड़कर फरार हो गए। कुलबीर प्राॅपर्टी डीलिंग का काम करता है।

परिजन बोले- गलती से चली गोली

दूसरी ओर सेक्टर 65 थाना पुलिस ने परिवार को सूचना दी और आरोपित के घर पर पूछताछ के लिए पहुंची। पुलिस के अनुसार पूछताछ में गोली गलती से चलने की बात कही गई। सेक्टर 65 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रामबीर ने बताया कि घर व घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। हत्या की धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपित रिवाल्वर लेकर भागा है। जल्द ही उसे पकड़कर मामले का पर्दाफाश किया जाएगा। फोरेंसिक टीम ने कार से साक्ष्य जुटाए हैं।

परिवार ने साजिशन हत्या का आरोप लगाया

गुरुवार दोपहर पोस्टमार्टम हाउस में पहुंचे परिवार के लोगों ने आरोपित पर साजिश के तहत हत्या का आरोप लगाया। परिवार ने कहा कि गोली गलती से नहीं चली। यह किसी साजिश के तहत किया गया है। आरोपित ने घटना के बाद आकाश के परिवार को जानकारी तक नहीं दी। शव को अस्पताल में छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने आकाश के शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन को सौंप दिया। वहीं पोस्टमार्टम करने वाले डाॅक्टरों ने बताया कि आकाश की कनपटी के पास गोली लगी थी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top