
गुरुग्राम। सेक्टर-67 अंसल वर्सालिया सोसायटी में लाल रंग की थार से बुजुर्ग घरेलू सहायिका गुड्डी को कुचलने के मामले में गुरुवार को सीसीटीवी फुटेज सामने आई है।
फुटेज में दिख रहा है कि कार पार्किंग में पिलर के पीछे फर्श पर लेटी बुजुर्ग महिला को पहले थार से कुचला गया, फिर आरोपित महिला गाड़ी पीछे लेकर उतरी और उसे उठाने की कोशिश की।
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना
मंगलवार शाम हुए इस हादसे में घरेलू सहायिका के घायल होने के बाद आरोपित महिला उसे अस्पताल ले गई थी, लेकिन वहां से जवाब मिलने पर दोबारा शव को पार्किंग में लाकर छोड़ दिया था।
सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि लाल रंग की थार में आरोपित महिला अकेली कहीं से आ रही थी।
पार्किंग में लेटी थीं घरेलू सहायिका
पार्किंग में गाड़ी आते समय फर्श पर लेटी घरेलू सहायिका गुड्डी उसके नीचे आ गईं। कुचलने के बाद महिला ने गाड़ी पीछे ली, दरवाजा खोलकर नीचे उतरी और घरेलू सहायिका को उठाने के लिए भागी। इसी दौरान आसपास के लोग भी वहां पहुंच गए।
आरोपित महिला की पहचान नीतू गोलिया के रूप में की गई। वह एक निजी स्कूल में शिक्षिका है। सेक्टर 65 थाना पुलिस ने आरोपित के खिलाफ लापरवाही की धाराओं में केस दर्ज किया। उसे पूछताछ और केस में शामिल कर छोड़ दिया गया।
महोबा की रहने वाली थीं गुड्डी
दूसरी ओर गुरुवार दोपहर मृतका के स्वजन गुरुग्राम पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद सौंप दिया। परिवार ने बताया कि गुड्डी मूल रूप से महोबा जिले के मामना गांव की रहने वाली थीं।
वह पिछले कई सालों से आरोपित महिला नीतू गोलिया के सामने वाले फ्लैट में घरेलू सहायिका का काम कर रही थीं।

