
गुरुग्राम/सोहना। सोहना सदर थाना क्षेत्र के सिलानी गांव में विट कालेज के पास शुक्रवार रात किसी संदिग्ध के छिपे होने और आतंकी गतिविधि होने की सूचना के बाद पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही एसटीएफ, स्थानीय पुलिस के साथ डाग स्क्वाड और बम निरोधक दस्ते की टीमें भी मौके पर पहुंची।
सिलानी गांव, विट कॉलेज के बाद जीडी गोयनका यूनिवर्सिटी और आसपास के इलाके में घंटों सर्च आपरेशन चलाया गया। हालांकि, तलाशी के बाद भी पुलिस को कोई संदिग्ध व्यक्ति या आपत्तिजनक सामान नहीं मिला।
जानकारी के अनुसार एसटीएफ के अधिकारियों को शुक्रवार रात सूत्रों से किसी संदिग्ध व्यक्ति के वर्ल्ड इंस्टीट्यूट आफ टेक्नोलाजी (विट कालेज) के पास आने की सूचना मिली थी।
सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और सुरक्षा के मद्देनजर सिलानी गांव के पास सोहना-पलवल हाईवे पर नाकेबंदी कर घेराबंदी की गई। विट कालेज सिलानी गांव में सोहना-पलवल रोड पर स्थित है। पुलिस ने एहतियात के तौर पर डाग स्क्वाड और बम निरोधक दस्ते को भी बुलाया। दोनों दस्तों ने विट कॉलेज के पास सघन तलाशी अभियान चलाया। जब यहां कुछ नहीं मिला तो सुरक्षा एजेंसियों ने अपना दायरा गांव और हाईवे किनारे आसपास पड़ने वाले दूसरे कालेजों तक बढ़ाया।
जीडी गोयनका यूनिवर्सिटी में भी तलाशी अभियान चला। दूसरी ओर एक टीम ने सिलानी गांव में स्थित दुकानों व घरों की तलाशी ली। सोहना सदर थाना पुलिस ने हाईवे किनारे खड़ी गाड़ियों और बैगों की भी जांच की। पुलिस ने संदिग्ध कमरों, निर्माणाधीन इमारतों और खाली पड़े मकानों की भी जांच की। इस दौरान इलाके में पुलिस की भारी आवाजाही से लोगों में दहशत देखी गई।
24 घंटे से नाकेबंदी, अधिकारी चुप
बीते 24 घंटे की जांच में किसी संदिग्ध के मिलने या किसी तरह की आपत्तिजनक गतिविधि की पुष्टि नहीं हुई। बावजूद इसके एहतियात के तौर पर शनिवार रात तक पुलिस की टीमें मुस्तैद रहीं। सोहना-पलवल रोड पर नाकेबंदी कर वाहनों की गहनता से चेकिंग की जा रही है। इस पूरे मामले को लेकर कोई भी पुलिस अधिकारी आधिकारिक तौर पर कुछ भी बोलने से बच रहा है।
वहीं सोहना सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुखपाल का कहना है कि वह नाकेबंदी पर तैनात हैं और गाड़ियों की जांच की जा रही है। अभी तक कोई भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति नहीं मिला है। सूचना कहां से और क्या आई, इस बारे में सटीक जानकारी नहीं है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।

