
मथुरा। महिला पर टिप्पणी के मामले में लापरवाही बरतने पर एसएसपी ने सदर थाना प्रभारी को निलंबित कर दिया है।
एक महिला ने सदर थाना पुलिस को शिकायत की थी कि बीएसए कॉलेज मार्ग स्थित मंशापुरी कालोनी निवासी अशोक शर्मा अपने मोबाइल से उसके खिलाफ अनर्गल व अशब्द टिप्पणी कर रहा है।
पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेजा था
पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके सोमवार को आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपित को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उनको जमानत मिल गई। जमानत मिलने के बाद सदर थाना प्रभारी सुधीर कुमार नागर ने आरोपित को उनका मोबाइल भी लौटा दिया। इसमें महिला के खिलाफ किए गए अशब्द टिप्पणी के साक्ष्य थे।
एसएसपी ने सदर थाना प्रभारी को किया निलंबित
मामले की जानकारी होने पर एसएसपी श्लोक कुमार ने सदर थाना प्रभारी सुधीर कुमार नागर को निलंबित कर दिया है। हालांकि अभी किसी को सदर थाने का चार्ज नहीं दिया गया है।
जैत पुलिस ने मारपीट के मामले में वारंटी को दबोचा
थाना जैत पुलिस ने वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक वारंटी को गिरफ्तार किया है। उप-निरीक्षक संदीप कुमार और कांस्टेबल दीपक कुमार की टीम ने ग्राम तोष में दबिश देकर अनूप पुत्र कल्याण सिंह को उसके घर से पकड़ा।
आरोपी अनूप वर्ष 2020 के मारपीट व बलवा के मामले में वांछित था। कोर्ट से वारंट जारी होने के बाद पुलिस उसकी तलाश में थी। पुलिस ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे माननीय एडीजे पॉक्सो कोर्ट संख्या-02 में पेश किया जाएगा।

