कूड़े का ढेर या ‘सुलगता’ टाइम बम? वार्ड-13 में हफ्तों से उठ रहा धुआं, नरक बना हजारों लोगों का जीना

सोहना। नगर परिषद के वार्ड नंबर 13 में अस्थायी तौर पर बनाए गए डंपिंग यार्ड में पिछले कई दिनों से आग लगी हुई है। इससे आसपास के लोगों को काफी परेशानी हो रही है। इसके बाद भी परिषद के अधिकारी ध्यान देने को तैयार नहीं। जब भी आग लगती है तो बुझाने के लिए सिस्टम विकसित करने की बात की जाती है लेकिन इस दिशा में आज तक एक कदम भी आगे नहीं बढ़ा है। इलाके के पार्षद कई बार शिकायत कर चुके हैं। इसके बाद भी ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

नियमानुसार डंपिंग यार्ड के नजदीक फायर ब्रिगेड की गाड़ी तैनात रहनी चाहिए लेकिन कभी भी तैनात नहीं रहती है। इस वजह आग लगते ही कुछ ही देर में भीषण रूप धारण कर लेती है। परिषद ने कार्रवाई के नाम पर एक बार खानापूर्ति करते हुए एजेंसी पर 25 हजार का जुर्माना भी लगाया था लेकिन एजेंसी पर कोई असर नहीं हुआ।

पिछले कई दिनों से कूड़े के ढेर में से धुआं निकल रहा है। आए दिन लग रही आग से वातावरण दूषित हो रहा है। कूड़े से लगातार उठते धुएँ और दुर्गंध से पहाड़ कॉलोनी से लगती जावेद कालोनी, पीर कालोनी जखोपुर, गहलौत विहार जैसी कालोनियों में बसने वाले लोगों का जीना दूभर हो गया है।

इस गंभीर समस्या को लेकर नगर परिषद के आधा दर्जन पार्षदों ने परिषद के अधिकारियों एवं सफाई कर्मियों के खिलाफ धरना प्रदर्शन भी दिया था। पार्षदों ने डंपिंग यार्ड के कूड़े में आग लगाने को कानूनी अपराध बताते हुए पर्यावरणीय दृष्टि से गंभीर अपराध बताया था।

यह भी कहा था कि हवा जहरीली होने से लोगों को सांस लेने में दिक्कत हो रही है। इसके बाद भी कोई असर नहीं। सफाई निरीक्षक हरीश मेहता का कहना है कि परिषद क्षेत्र में प्रतिदिन 50 टन कूड़ा एकत्रित होता है। कूड़ा केंद्र में डाला जाता हैं। कूड़े में लगी आग से आसपास के लोगों को सांस लेने में परेशानी होती है।

वार्ड नंबर 13 के पार्षद प्रतिनिधि टेकचंद का कहना है कि अरावली पर्वत श्रृंखला के समीप नगर परिषद द्वारा स्थापित गया डंपिंग यार्ड पूरी तरह अवैध है। कागज़ और गट्टा बिनने वाले या असामाजिक तत्व उसमें आग लगा देते हैं। आग लगने के बाद कई कई दिनों तक धुआं उठता रहता है। परिषद के कनिष्ठ अभियंता से लेकर अन्य अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया लेकिन कोई सुनवाई नहीं।

कूड़ा उठाने का कार्य एक एजेंसी को दिया हुआ है। कहां लापरवाही हो रही है, इसकी जांच होगी। सूचना मिलते ही आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की टीम पहुंच जाती है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top