
फरुखनगर (गुरुग्राम)। गुरुग्राम के फरुखनगर में चांदनगर रोड से तहसील तक बनने वाली सड़क को लेकर सवाल उठने लगे हैं। नगर पालिका की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है।
करीब एक वर्ष पहले टाइल लगाकर बनाई गई सड़क को अब दोबारा तोड़कर सीसी सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। इसको लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। लोगों का आरोप है कि नगर पालिका जनता के टैक्स के पैसों का दुरुपयोग कर रही है।
लोगों का कहना है कि जिस सड़क पर लाखों रुपये खर्च कर पहले टाइलें लगाई गई थीं, वह सड़क अभी पूरी तरह खराब भी नहीं हुई थी। इसके बावजूद उसे तोड़कर फिर से निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया।
सड़कें गड्ढों में तब्दील
नगर पालिका के अधिकारी और संबंधित ठेकेदार विकास कार्यों में गंभीरता नहीं दिखा रहे। शहर में कई वार्डों की सड़कें गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं, जहां राहगीरों और वाहन चालकों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ता है, लेकिन उन सड़कों की सुध लेने वाला कोई नहीं है।
यदि पहले सड़क सही तरीके से बनाई जाती और गुणवत्ता का ध्यान रखा जाता तो एक ही सड़क पर दोबारा लाखों रुपये खर्च करने की नौबत नहीं आती। लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।

