गुरुग्राम के मानेसर में 40 मिनट तक मूसलाधार बारिश, मौसम खुशनुमा और कई इलाकों में यातायात प्रभावित

गुरुग्राम। गुरुग्राम के मानेसर क्षेत्र में सोमवार को करीब 40 मिनट तक जमकर वर्षा हुई। तेज वर्षा से मौसम सुहाना हो गया और उमस व गर्मी से लोगों को राहत मिली।

वहीं, गुरुग्राम शहर के अधिकांश हिस्सों में फिलहाल हल्की वर्षा या बूंदाबांदी हुई। कुछ स्थानों पर तेज वर्षा भी दर्ज की गई। वर्षा के कारण कई इलाकों में सड़कों पर जलभराव की स्थिति बनने लगी और यातायात प्रभावित हुआ।

जलभराव के कारण यातायात जाम की स्थिति

खेड़कीदौला टोल प्लाजा से आगे सेक्टर-80 से 95 तक के क्षेत्र में तेज वर्षा हुई। मानेसर और आसपास के क्षेत्रों में करीब 40 मिनट तक हुई मूसलाधार वर्षा के कारण सड़कों के निचले हिस्सों में पानी जमा हो गया। कई स्थानों पर वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई। कुछ मार्गों पर जलभराव के कारण यातायात जाम की स्थिति भी बनी।

वर्षा के दौरान सड़कों पर उतरे निगम अधिकारी

वर्षा के दौरान नगर निगम के अधिकारी भी मौके पर सक्रिय रहे। निगमायुक्त प्रदीप दहिया और अतिरिक्त निगमायुक्त यश जालुका ने गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और नगर निगम के अधिकारियों के साथ जलभराव संभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया।

वहीं, झाड़सा चौक, राजीव चौक, मेदांता अंडरपास और ताऊ देवीलाल स्टेडियम सहित प्रमुख स्थानों का जायजा लिया गया। निगमायुक्त ने अधिकारियों को तत्काल जलनिकासी सुनिश्चित करने और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए।

जलभराव वाले क्षेत्रों में पंपिंग की व्यवस्था

निगमायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जलभराव वाले क्षेत्रों में पंपिंग की व्यवस्था सक्रिय रखी जाए। जलभराव की सूचना मिलते ही संबंधित टीमें मौके पर पहुंचकर पानी की निकासी सुनिश्चित करें।

गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और नगर निगम के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ संवेदनशील स्थानों पर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top