
गुरुग्राम। गुरुग्राम में चोरों के हौसले इतने बुलंद हो गए कि उन्हें भगवान के घर में भी सेंध लगाने में झिझक नहीं हो रही है। ताजा मामला सेक्टर 46 के जल विहार सोसायटी से सामने आया है। जहां सोमवार रात आटो से आए चोरों ने हनुमान मंदिर का ताला काट दिया और अंदर रखे दानपात्र को तोड़कर लाखों की राशि चोरी कर ले गए। पुजारी की शिकायत पर सेक्टर 50 थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मंदिर के पुजारी हरिओम शास्त्री के मुताबिक दान पात्र तीन साल से नहीं खुला था और उसमे लाखों रुपये होने का अनुमान है। चोरी की घटना मंदिर के अंदर और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। बताया जाता है कि पड़ोसियों ने जब आवाज सुनी और वह घर से बाहर आए तो उन्होंने चोरो को ऑटो से जाते हुए देखा और मंदिर का गेट खुला देख पुजारी को सूचना दी।
मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जब जांच की गई तो पता चला कि दो चोर मंदिर में घुसे थे। उन्होंने दानपात्र तोड़कर रुपये अपने बैग में भर लिए। सीसीटीवी में यह भी दिखा कि मंदिर के बाहर खड़े ऑटो में एक व्यक्ति बैठा हुआ था और आसपास नजर रख रहा था। दोनों चोर घटना को अंजाम देने के बाद बाहर आए और आटो में बैठकर फरार हो गए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

